10% विकसित प्लॉट के मुद्दे पर 5 अक्टूबर तक लखनऊ में होगी वार्ता, किसान संघर्ष मोर्चा ने धरना किया स्थगित
टेन न्यूज नेटवर्क
Greater Noida News (17/09/2026): किसानों के 10 प्रतिशत विकसित प्लॉट समेत विभिन्न मांगों को लेकर ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण पर चल रहे किसान संघर्ष मोर्चा के आंदोलन के बीच गुरुवार को किसानों और प्रशासनिक अधिकारियों के बीच करीब तीन घंटे तक मैराथन बैठक हुई। बैठक में तीनों प्राधिकरणों के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (CEO), जिलाधिकारी और जॉइंट पुलिस कमिश्नर समेत किसान संगठनों के प्रतिनिधि शामिल हुए। बैठक में किसानों की मांगों और उनके समाधान को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में सबसे प्रमुख मुद्दा किसानों को 10 प्रतिशत विकसित प्लॉट देने का रहा। अधिकारियों की ओर से बताया गया कि इस संबंध में तीनों प्राधिकरणों की ओर से पूर्व में पारित प्रस्तावों पर शासन स्तर से कुछ सवाल और आवश्यक दस्तावेज मांगे गए हैं। इनका जवाब तैयार करने के लिए 21 सितंबर तक जरूरी होमवर्क पूरा करने पर सहमति बनी।
इसके बाद 5 अक्टूबर तक लखनऊ में मुख्य सचिव और इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट कमिश्नर स्तर पर किसानों के प्रतिनिधियों के साथ वार्ता कराने का आश्वासन दिया गया। इस प्रक्रिया को लेकर किसान संघर्ष मोर्चा के प्रतिनिधियों की गुरुवार दोपहर 12:30 बजे पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह के साथ भी बातचीत हुई। पुलिस कमिश्नर की ओर से भी 5 अक्टूबर तक शासन स्तर पर वार्ता कराने का आश्वासन दिए जाने की बात किसान नेताओं ने कही।
5 अक्टूबर तक स्थगित किया गया धरना
बैठक में मिले आश्वासन के बाद किसान संघर्ष मोर्चा ने ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण पर चल रहे धरने को 5 अक्टूबर तक स्थगित करने की घोषणा की। किसान नेताओं ने स्पष्ट किया कि यदि तय समयसीमा में शासन स्तर पर वार्ता नहीं होती है या मांगों के समाधान की दिशा में ठोस कार्रवाई नहीं की जाती है, तो 6 अक्टूबर से दोबारा पक्का मोर्चा लगाकर दिन-रात धरना शुरू किया जाएगा।
किसान सभा के जिला अध्यक्ष डॉ. रुपेश वर्मा ने कहा कि किसान संघर्ष मोर्चा पिछले करीब डेढ़ वर्ष से तीनों प्राधिकरणों के CEO को एक मंच पर लाकर किसानों के 10 प्रतिशत प्लॉट के मुद्दे पर गंभीर चर्चा कराने के लिए लगातार आंदोलन कर रहा है। उन्होंने कहा कि 17 जुलाई, 17 अगस्त और 9 सितंबर से जारी आंदोलन के दबाव के बाद शासन-प्रशासन किसानों की मांगों पर बातचीत के लिए आगे आया है।
उन्होंने बताया कि 10 प्रतिशत प्लॉट का मामला लंबे समय से लंबित है। किसान संघर्ष मोर्चा के अनुसार, वर्ष 2024 में ही तीनों प्राधिकरणों की बोर्ड बैठकों में 10 प्रतिशत प्लॉट से संबंधित प्रस्ताव पारित कर शासन को भेजे जा चुके हैं।
शासन के सवालों के जवाब तैयार करने पर सहमति
बैठक में अधिकारियों ने बताया कि प्राधिकरणों द्वारा भेजे गए प्रस्तावों को लेकर शासन स्तर से कुछ बिंदुओं पर जानकारी और दस्तावेज मांगे गए हैं। किसान प्रतिनिधियों ने इस पर सहमति जताते हुए कहा कि प्राधिकरण अधिकारियों और किसान नेताओं की संयुक्त बैठक कर आवश्यक दस्तावेज और जवाब तैयार किए जाएंगे।
किसान नेताओं के मुताबिक, इसके बाद 5 अक्टूबर तक लखनऊ में मुख्य सचिव और इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट कमिश्नर के स्तर पर वार्ता होगी। यदि इस स्तर पर बातचीत से समाधान की दिशा में प्रगति होती है, तो इसके बाद मुख्यमंत्री स्तर पर अंतिम वार्ता कराने का प्रस्ताव रखा जाएगा।
आंदोलन के संघर्ष को किसानों की एकजुटता का परिणाम बताया
किसान परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुखबीर खलीफा ने कहा कि किसान संघर्ष मोर्चा 10 प्रतिशत प्लॉट के मुद्दे को लेकर लगातार प्रयास कर रहा है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2023 और 2024 के आंदोलनों के दौरान किसान नेताओं को जेल जाना पड़ा और कई मुकदमों का सामना करना पड़ा। उनके अनुसार, लगातार चले आंदोलन के कारण 10 प्रतिशत प्लॉट का विषय अब शासन स्तर तक पहुंचा है और प्राधिकरणों के स्तर से प्रस्ताव पारित कराने में सफलता मिली है।
उन्होंने कहा कि अब शासन स्तर पर प्रस्ताव के अनुमोदन के लिए प्रयास जारी रहेंगे।
आबादी और नए कानून समेत अन्य मुद्दों पर भी चर्चा
किसान एकता संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष सोरन प्रधान ने बताया कि बैठक में आबादी, नए कानून और भूमिहीनों की दुकानों के आवंटन समेत अन्य मांगों पर भी चर्चा हुई। इन मामलों में प्राधिकरण स्तर पर 15 अक्टूबर तक कार्रवाई किए जाने का आश्वासन दिया गया है।
उन्होंने कहा कि 10 प्रतिशत विकसित प्लॉट के मुद्दे पर 5 अक्टूबर तक लखनऊ में मुख्य सचिव स्तर पर वार्ता कराने का आश्वासन मिला है। उन्होंने कहा कि यदि निर्धारित समयसीमा में आश्वासन के अनुरूप कार्रवाई नहीं होती है, तो 6 अक्टूबर से किसान दोबारा पक्का मोर्चा लगाकर आंदोलन शुरू करेंगे।
किसान सभा के वीर सिंह नागर ने आंदोलन में शामिल किसानों को बधाई देते हुए इसे किसानों की एकजुटता और लंबे संघर्ष का परिणाम बताया। उन्होंने ही 5 अक्टूबर तक धरना स्थगित करने की घोषणा की।
बैठक और धरना-प्रदर्शन के दौरान किसान सभा के महासचिव संदीप भाटी, तेजपाल प्रधान, सुरेंद्र शर्मा, अशोक आर्य, राकेश बलराज, विक्रम जयप्रकाश आर्य, उम्मीद त्यागी, नरेश मुखिया, मोनू मुखिया, बाबा करतार, विनोद नगर, गबरी मुखिया, सुरेश यादव, मनोज यादव, बुधपाल यादव, सुरेंद्र यादव, सतीश उपाध्याय, धर्मेंद्र एडवोकेट, अजब सिंह, इंद्रजीत भाटी, अजय पाल भाटी, जितेंद्र मैनेजर, सुरेंद्र भाटी, गुरप्रीत एडवोकेट, राहुल नगर, ओम दत्त पंडित, देशराज राणा, नितिन चौहान, जगबीर नंबरदार, प्रेमपाल चौहान, उदल, सचिन एडवोकेट, पूनम देवी, तिलक देवी, रईसा बेगम, जोगेंद्र, वीणा, गीत, शांति देवी, निशांत रावल, सुशील, मुकेश समेत बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे। किसान सभा के संरक्षक जयकरण सिंह भाटी और सुंदर भाटी भी इस दौरान उपस्थित रहे।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
टिप्पणियाँ बंद हैं।