नोएडा RTO में ड्राइविंग टेस्ट सेंटर की दूरी को लेकर शिकायत का असर | गौतम बुद्ध नगर विकास समिति

टेन न्यूज नेटवर्क

Gautam Buddh Nagar (17/09/2026): नोएडा आरटीओ कार्यालय में ड्राइविंग लाइसेंस से जुड़ी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद स्थायी ड्राइविंग लाइसेंस के लिए आवेदकों को 25 से 32 किलोमीटर दूर दादरी क्षेत्र स्थित निजी ड्राइविंग टेस्ट सेंटरों पर भेजे जाने का मामला सामने आया है। इस संबंध में गौतम बुद्ध नगर विकास समिति की ओर से दर्ज कराई गई शिकायत के बाद परिवहन विभाग ने आधिकारिक आख्या जारी कर स्थिति स्पष्ट की है। विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, नागरिकों की सुविधा के लिए नोएडा आरटीओ कार्यालय से करीब 15 किलोमीटर की दूरी पर एक नया ऑटोमेटेड ड्राइविंग टेस्ट सेंटर (ADTC) शुरू करने की प्रक्रिया चल रही है। इसके अगले महीने तक शुरू होने की संभावना जताई गई है।

समिति के सचिव अनूप कुमार सोनी ने आरटीओ कार्यालय में ड्राइविंग टेस्ट सेंटरों की दूरी, आवेदकों को होने वाली परेशानी और टेस्ट प्रक्रिया के दौरान निर्धारित कम समय को लेकर औपचारिक शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में कहा गया था कि कागजी और बायोमेट्रिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद आवेदकों को ड्राइविंग टेस्ट के लिए दादरी क्षेत्र में स्थित सेंटरों तक जाना पड़ता है। इससे विशेष रूप से महिलाओं, वरिष्ठ नागरिकों और पहली बार लाइसेंस के लिए आवेदन करने वाले युवाओं को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

समिति ने यह भी शिकायत की थी कि मौजूदा टेस्ट सेंटरों तक पहुंचने के लिए आवेदकों को ग्रामीण इलाकों और यातायात दबाव वाले मार्गों से होकर लंबी दूरी तय करनी पड़ती है। इसके साथ ही टेस्ट के लिए उपलब्ध समय को लेकर भी कई आवेदकों की ओर से व्यवहारिक कठिनाइयों की शिकायत सामने आने का उल्लेख किया गया था।

15 किलोमीटर दूर प्रस्तावित नया ड्राइविंग टेस्ट सेंटर

शिकायत के निस्तारण के संबंध में सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन), गौतमबुद्ध नगर की ओर से जारी अधिकृत आख्या पत्र संख्या 1566/सा०प्रशा०/I.G.R.S./26 में वर्तमान और प्रस्तावित ड्राइविंग टेस्ट सेंटरों की जानकारी दी गई है।

रिपोर्ट के मुताबिक, वर्तमान में मेसर्स शिवम एम ड्राइविंग ट्रेनिंग सेंटर, ग्राम बिसहड़ा प्यावली, दादरी में संचालित है, जिसकी आरटीओ कार्यालय से दूरी लगभग 32 किलोमीटर बताई गई है। वहीं मेसर्स वाईबी बिल्डर्स ड्राइविंग ट्रेनिंग सेंटर, ग्राम महिउद्दीनपुर उर्फ गारवपुर, दादरी की दूरी करीब 25 किलोमीटर है।

नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए ग्राम दोस्तपुर मंगरौली बांगर में एक नया ADTC प्रस्तावित है। रिपोर्ट के अनुसार यह केंद्र M/S Accelerate Institute के माध्यम से प्रक्रियाधीन है। इसकी दूरी आरटीओ कार्यालय से लगभग 15 किलोमीटर बताई गई है और इसके अगले माह तक शुरू होने की संभावना है। यदि केंद्र निर्धारित समय के अनुसार शुरू होता है तो आवेदकों को मौजूदा सेंटरों की तुलना में काफी कम दूरी तय करनी पड़ेगी।

ड्राइविंग टेस्ट का समय बढ़ाने के लिए भेजा गया प्रस्ताव

शिकायत में टेस्ट की निर्धारित समय-सीमा को लेकर उठाए गए मुद्दे पर भी परिवहन विभाग ने संज्ञान लिया है। विभाग के अनुसार, आवेदकों को टेस्ट के दौरान आने वाली व्यवहारिक कठिनाइयों और उपलब्ध समय को लेकर स्थानीय आरटीओ कार्यालय की ओर से उच्चाधिकारियों को पत्र भेजा गया है।

इस पत्र में ड्राइविंग टेस्ट के लिए निर्धारित समय-सीमा बढ़ाने का प्रस्ताव रखा गया है। हालांकि, समय-सीमा में अंतिम बदलाव उच्च स्तर से निर्णय के बाद ही लागू होगा।

कैमरे और सेंसर आधारित है टेस्ट प्रक्रिया

परिवहन विभाग ने ड्राइविंग टेस्ट सेंटरों में प्रक्रिया की पारदर्शिता को लेकर भी स्थिति स्पष्ट की है। विभाग के अनुसार, ADTC में ड्राइविंग टेस्ट कैमरों और सेंसर आधारित ऑटोमेटेड सिस्टम के माध्यम से कराया जाता है। इस व्यवस्था का उद्देश्य टेस्ट प्रक्रिया को तकनीकी आधार पर संचालित करना और मानवीय हस्तक्षेप की संभावना को कम करना है।

विभाग ने यह भी बताया कि केंद्रों की कार्यप्रणाली की निगरानी के लिए आरटीओ और एआरटीओ अधिकारियों की ओर से नियमित औचक निरीक्षण तथा ऑडिट किया जाता है। इसके माध्यम से टेस्ट सेंटरों की व्यवस्थाओं और प्रक्रिया की निगरानी की जा रही है।

समिति ने कहा- सड़क सुरक्षा मानकों से समझौता नहीं, प्रक्रिया नागरिक-अनुकूल हो

गौतम बुद्ध नगर विकास समिति के सचिव अनूप कुमार सोनी ने कहा कि समिति का उद्देश्य ड्राइविंग टेस्ट के दौरान सड़क सुरक्षा से जुड़े नियमों में ढील दिलाना नहीं है। उनका कहना है कि लाइसेंस की प्रक्रिया निर्धारित सुरक्षा मानकों के अनुरूप रहे, लेकिन साथ ही वह पारदर्शी, न्यायसंगत और नागरिकों के लिए सुविधाजनक भी होनी चाहिए।

उन्होंने कहा कि 25 से 32 किलोमीटर दूर स्थित टेस्ट सेंटरों तक जाना आम आवेदकों के लिए कठिन था। ऐसे में आरटीओ कार्यालय से करीब 15 किलोमीटर की दूरी पर नया केंद्र शुरू करने की पहल और टेस्ट की समय-सीमा बढ़ाने के लिए भेजा गया प्रस्ताव सकारात्मक कदम है। समिति के अनुसार नए केंद्र के संचालन की प्रक्रिया पर नजर रखेगी और यह सुनिश्चित करने का प्रयास करेगी कि केंद्र निर्धारित समय में शुरू हो तथा इससे ड्राइविंग लाइसेंस आवेदकों को वास्तविक राहत मिल सके। साथ ही समिति प्रशासन के साथ संवाद बनाए रखते हुए ड्राइविंग टेस्ट प्रक्रिया से जुड़े नागरिकों के मुद्दों को आगे भी उठाती रहेगी।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.

टिप्पणियाँ बंद हैं।