Greater Noida News: किसानों का बड़ा ऐलान, 20 सितंबर तक मांगें नहीं मानीं तो 21 को प्राधिकरण में तालाबंदी

टेन न्यूज नेटवर्क

Greater Noida News (14/09/2026): ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के खिलाफ किसानों का धरना-प्रदर्शन लगातार छठे दिन भी जारी रहा। आंदोलन के तहत आयोजित महापंचायत में बड़ी संख्या में किसान पहुंचे और अपनी मांगों को लेकर आंदोलन को और तेज करने का ऐलान किया। महापंचायत में सर्वसम्मति से फैसला लिया गया कि किसानों की समस्याओं के समाधान के लिए प्राधिकरण और जिला प्रशासन को 20 सितंबर तक का समय दिया जाएगा। यदि तय समयसीमा में मांगों का समाधान नहीं हुआ तो 21 सितंबर को ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण में तालाबंदी की जाएगी।

महापंचायत की अध्यक्षता बाबा बाली ने की, जबकि मंच का संचालन नंबरदार उम्मीद त्यागी और सुशांत भाटी ने किया। इस दौरान किसान नेताओं ने प्राधिकरण, जिला प्रशासन और सरकार पर किसानों की मांगों की अनदेखी करने का आरोप लगाया।

17 जुलाई से आंदोलनरत हैं किसान

महापंचायत को संबोधित करते हुए सुखबीर खलीफा ने कहा कि किसान 17 जुलाई से अपनी मांगों और समस्याओं को लेकर लगातार आंदोलन कर रहे हैं, लेकिन अब तक उनकी समस्याओं के समाधान की दिशा में कोई ठोस पहल नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि किसानों से बातचीत के लिए अभी तक प्राधिकरण या प्रशासन की ओर से कोई प्रस्ताव नहीं आया है।

उन्होंने कहा कि लंबे समय से आंदोलन कर रहे किसानों की अनदेखी सरकार और प्राधिकरण के लिए भारी पड़ सकती है। किसानों की समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।

10 प्रतिशत आबादी के भूखंड की मांग पर अड़े किसान

किसान एकता संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष सोरन प्रधान ने कहा कि किसान संघर्ष मोर्चा लगातार मजबूती के साथ अपनी लड़ाई लड़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार और प्राधिकरण किसानों की समस्याओं को गंभीरता से नहीं ले रहे हैं। सोरन प्रधान ने स्पष्ट किया कि किसान इस बार 10 प्रतिशत आबादी के भूखंड के अधिकार की मांग को लेकर पीछे हटने वाले नहीं हैं। उनका कहना था कि मांग पूरी होने तक किसानों का संघर्ष जारी रहेगा।

समाधान होने तक आंदोलन खत्म नहीं करने का फैसला

किसान सभा के जिला अध्यक्ष डॉ. रुपेश वर्मा ने कहा कि मौजूदा आंदोलन किसानों की मांगों के निर्णायक समाधान के उद्देश्य से चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि किसानों की समस्याओं का स्थायी समाधान होने के बाद ही आंदोलन समाप्त किया जाएगा। उन्होंने बताया कि महापंचायत में किसानों ने सर्वसम्मति से निर्णय लिया है कि 20 सितंबर तक प्राधिकरण और जिला प्रशासन को मांगों के समाधान का अवसर दिया जाएगा। इसके बाद भी यदि कोई ठोस कार्रवाई नहीं होती है तो आंदोलन को अगले चरण में ले जाया जाएगा।

21 सितंबर को तालाबंदी की चेतावनी

महापंचायत में लिए गए निर्णय के अनुसार, यदि 20 सितंबर तक किसानों की समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो 21 सितंबर को ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण कार्यालय में तालाबंदी की जाएगी। किसान नेताओं ने कहा कि इसके बाद बड़ी संख्या में किसान प्राधिकरण परिसर में ही डटे रहेंगे और मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी रखा जाएगा। किसान नेताओं ने इसे आंदोलन का निर्णायक चरण बताते हुए कहा कि अब केवल आश्वासन से काम नहीं चलेगा। किसानों को उनकी मांगों पर ठोस निर्णय चाहिए।

सपा और कांग्रेस नेताओं ने भी दिया समर्थन

छठे दिन के धरने और महापंचायत को राजनीतिक समर्थन भी मिला। समाजवादी पार्टी के जिला अध्यक्ष सुधीर भाटी और कांग्रेस नेता दुष्यंत नागर ने महापंचायत में पहुंचकर किसानों के आंदोलन का समर्थन किया। महापंचायत में विभिन्न किसान संगठनों और क्षेत्र से जुड़े कई नेताओं ने किसानों को संबोधित किया और आंदोलन में सहयोग देने की बात कही।

बड़ी संख्या में किसान नेता रहे मौजूद

महापंचायत को जयप्रकाश आर्य, उदल आर्य, पप्पू नागर, सचिन एडवोकेट, कुंवरपाल प्रधान, सुरेंद्र यादव, गोपाल यादव, गवरी मुखिया, मोहित दव, सुरेश यादव, सुरेश एडवोकेट, कपिल गुर्जर, निशांत रावल, सुधीर रावल, भोजराज रावल, महासचिव संदीप भाटी, अशोक भाटी, सुशील सुनपुरा, डॉ. जगदीश, मुकेश खेड़ी, मेटल खेड़ी, सतीश नेताजी खेड़ी, बिजेंद्र नागर, अजब सिंह भाटी सलारपुर, अजब सिंह भाटी जुनपत, जोगिंदर प्रधान सिरसा, पप्पू ठेकेदार, सुरेंद्र भाटी, अभय भाटी, जितेंद्र मैनेजर, जोगेंद्री देवी, रीना भाटी, रईसा बेगम, बाबा करतार, नरेश नागर और यतेंद्र एडवोकेट समेत कई किसान नेताओं ने संबोधित किया।

किसान नेताओं ने कहा कि मांगों के समाधान तक आंदोलन को कमजोर नहीं पड़ने दिया जाएगा और जरूरत पड़ने पर आंदोलन को और व्यापक बनाया जाएगा।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.

टिप्पणियाँ बंद हैं।