एशिया कप 2026: सीरीज जीतने के बाद भारतीय महिला टीम ने मोहसिन नकवी से ट्रॉफी लेने से किया इनकार

टेन न्यूज़ नेटवर्क

National News (14 September 2026): दुबई में खेले गए महिला एशिया कप 2026 के फाइनल में भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए श्रीलंका को 72 रनों से हराकर खिताब अपने नाम कर लिया। स्मृति मंधाना और शेफाली वर्मा की अर्धशतकीय पारियों तथा श्री चरणी के चार विकेटों की बदौलत भारत ने एकतरफा मुकाबले में जीत दर्ज की। इस जीत के साथ भारतीय टीम ने अपना आठवां महिला एशिया कप खिताब और टी20 इंटरनेशनल फॉर्मेट में चौथा एशिया कप खिताब हासिल किया।

हालांकि, मैच के बाद प्रेजेंटेशन सेरेमनी में एक अलग ही तस्वीर देखने को मिली। भारतीय महिला टीम ने एशियन क्रिकेट काउंसिल के अध्यक्ष और पाकिस्तान के मंत्री मोहसिन नकवी से ट्रॉफी लेने से इनकार कर दिया। सेरेमनी के दौरान नकवी ने श्रीलंका की कप्तान चमारी अथापथु को उपविजेता का चेक सौंपा, लेकिन इसके बाद वह वहां से चले गए। इस दौरान भारतीय टीम स्टेज के पास मौजूद नहीं थी और टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर भी उपविजेता टीम के साथ पोस्ट-मैच प्रेजेंटेशन में नजर नहीं आईं।

भारतीय टीम की ट्रॉफी उठाने का कोई फुटेज भी प्रसारण में दिखाई नहीं दिया। आमतौर पर किसी बड़े टूर्नामेंट के फाइनल में जीत के बाद ट्रॉफी के साथ जश्न, कॉन्फेटी और आतिशबाजी के दृश्य देखने को मिलते हैं, लेकिन इस बार ऐसा नजर नहीं आया। प्रेजेंटेशन शुरू होने से पहले भारतीय खिलाड़ी आपस में चर्चा करती दिखाई दीं और हेड कोच अमोल मजूमदार टीम से बातचीत कर रहे थे। अमोल मजूमदार ने कहा कि बीसीसीआई ने जो फैसला लिया है, टीम उसका सम्मान करती है और उनके लिए सीरीज समाप्त हो जाना ही काफी है।

इस दौरान बीसीसीआई के सेक्रेटरी देवाजीत सैकिया और वाइस प्रेसिडेंट राजीव शुक्ला ने भारतीय खिलाड़ियों से मुलाकात की और टीम को जीत की बधाई दी। तेज गेंदबाज नंदनी शर्मा को ‘फील्डर ऑफ द मैच’ का मेडल भी दिया गया। नंदनी शर्मा ने फाइनल मुकाबले में दो कैच लिए थे। बीसीसीआई अधिकारियों ने खिलाड़ियों से बातचीत कर उनके शानदार प्रदर्शन की सराहना की।

गौरतलब है कि मोहसिन नकवी से ट्रॉफी लेने को लेकर यह विवाद नया नहीं है। 2025 में पुरुष एशिया कप के फाइनल में पाकिस्तान को हराने के बाद भारतीय खिलाड़ियों ने नकवी से ट्रॉफी लेने से इनकार किया था। इसके बाद ट्रॉफी को लेकर काफी विवाद हुआ था। भारत ने अमीरात क्रिकेट बोर्ड के अधिकारी से ट्रॉफी दिलाने की बात कही थी, लेकिन नकवी ने इससे इनकार कर दिया था। अब एक साल बाद महिला एशिया कप में भी ट्रॉफी प्रेजेंटेशन के दौरान ऐसा ही घटनाक्रम सामने आने से यह मामला फिर चर्चा में आ गया है।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.

टिप्पणियाँ बंद हैं।