दिल्ली में जाम से राहत की तैयारी, मोदी मिल फ्लाईओवर को बढ़ाने की योजना

टेन न्यूज़ नेटवर्क

New Delhi News (14 September 2026): दक्षिणी दिल्ली में आउटर रिंग रोड पर लगने वाले भीषण ट्रैफिक जाम से राहत दिलाने के लिए मोदी मिल फ्लाईओवर के विस्तार की योजना पर विचार किया जा रहा है। प्रस्ताव के तहत मोदी मिल फ्लाईओवर को कालकाजी फ्लाईओवर से जोड़ने के बाद आगे नेहरू प्लेस और सावित्री सिनेमा फ्लाईओवर तक विस्तार देने की संभावना है। ट्रैफिक विभाग ने आउटर रिंग रोड पर भैरव मंदिर, सीएनजी पंप और नेहरू प्लेस फ्लाईओवर के आगे लगातार लगने वाले जाम को देखते हुए पीडब्ल्यूडी को यह सुझाव दिया है।

स्थानीय विधायक और जिला विकास समिति की अध्यक्ष शिखा राय के मुताबिक, इस प्रस्ताव को मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के सामने रखा जाएगा, ताकि इलाके को जाम मुक्त करने के लिए दीर्घकालिक समाधान पर फैसला हो सके। पीडब्ल्यूडी की टीम की रिपोर्ट के बाद मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और पीडब्ल्यूडी मंत्री प्रवेश वर्मा मौके का निरीक्षण कर संभावनाओं का जायजा ले सकते हैं। फिलहाल सिंगल लेन वाले कालकाजी फ्लाईओवर की दूसरी लेन बनाने के साथ इसे मोदी मिल तक विस्तार देने का काम करीब एक महीने पहले शुरू हो चुका है। इस परियोजना पर 312.94 करोड़ रुपये खर्च होने हैं।

इसके अलावा 435 मीटर लंबे सावित्री सिनेमा फ्लाईओवर की दूसरी लेन का काम भी जल्द शुरू होने की बात कही गई है, जिस पर 58.81 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। हालांकि ट्रैफिक विभाग का मानना है कि सिर्फ कालकाजी फ्लाईओवर को मोदी मिल से जोड़ने से इस पूरे हिस्से में जाम की समस्या पूरी तरह खत्म नहीं होगी। कालकाजी फ्लाईओवर के आगे भैरव मंदिर के पास बड़ा बाटलनेक है, जहां मां आनंदमयी मार्ग, मोदी मिल और नेहरू प्लेस से यू-टर्न लेकर आने वाला ट्रैफिक एक साथ आगे बढ़ता है।

जाम की एक बड़ी वजह भैरव मंदिर के पास दर्शनार्थियों के वाहनों की पार्किंग भी बताई जा रही है। चार लेन की सड़क यहां घटकर करीब एक से डेढ़ लेन तक रह जाती है। इसके आगे तीन पेट्रोल पंप और सीएनजी के लिए वाहनों की लंबी कतार करीब 300 मीटर तक सड़क को प्रभावित करती है। ऐसे में मोदी मिल से नेहरू प्लेस और आगे सावित्री सिनेमा फ्लाईओवर तक कनेक्टिविटी बढ़ाने की मांग की जा रही है। मोदी मिल से चिराग दिल्ली की दूरी करीब चार किलोमीटर है और प्रस्तावित विस्तार को दक्षिणी दिल्ली के इस पूरे कॉरिडोर में ट्रैफिक दबाव कम करने की दीर्घकालिक योजना के तौर पर देखा जा रहा है।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.

टिप्पणियाँ बंद हैं।