मोहना तक लिंक एक्सप्रेसवे तैयार, हरियाणा में 11 किमी हिस्सा बाकी; मई 2027 तक पूरा होने की उम्मीद
टेन न्यूज नेटवर्क
Greater Noida News (13/09/2026): नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट को दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे और ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेसवे से जोड़ने वाले ग्रीनफील्ड लिंक एक्सप्रेसवे का बड़ा हिस्सा तैयार हो चुका है। उत्तर प्रदेश सीमा से हरियाणा के मोहना स्थित यमुना पुल तक सड़क निर्माण का काम पूरा हो गया है। एक्सप्रेसवे को अभी आधिकारिक रूप से यातायात के लिए पूरी तरह नहीं खोला गया है, लेकिन स्थानीय लोगों के साथ ट्रक, कार और दोपहिया वाहन इस मार्ग का इस्तेमाल कर रहे हैं।
31.425 किलोमीटर लंबे छह लेन के इस लिंक एक्सप्रेसवे पर जेवर के करौली बांगर में टोल प्लाजा भी तैयार किया गया है। वाहनों की रफ्तार नियंत्रित करने के लिए ऑटोमैटिक स्पीड चेकिंग सिस्टम लगाया जा रहा है। हल्के वाहनों के लिए अधिकतम गति सीमा 100 किलोमीटर प्रति घंटा, जबकि भारी वाहनों के लिए 80 किलोमीटर प्रति घंटा निर्धारित किए जाने की तैयारी है। मार्ग पर वाहनों की गति और अन्य जरूरी सूचनाएं डिस्प्ले बोर्ड के माध्यम से प्रदर्शित की जाएंगी।
लिंक एक्सप्रेसवे का करीब 22 किलोमीटर हिस्सा हरियाणा और 9.4 किलोमीटर हिस्सा उत्तर प्रदेश में है। यह फलैदा बांगर, अमरपुर, करौली बांगर, बल्लभगढ़ और दयानतपुर क्षेत्र में इंटरचेंज के जरिए यमुना एक्सप्रेसवे से जुड़ता है। एयरपोर्ट से यमुना एक्सप्रेसवे को जोड़ने वाला करीब एक किलोमीटर लंबा हिस्सा पहले ही चालू किया जा चुका है। अब मोहना तक सड़क तैयार होने के बाद हरियाणा की ओर से भी इस मार्ग का इस्तेमाल बढ़ गया है।
परियोजना पूरी होने के बाद फरीदाबाद, पलवल, दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे और दिल्ली-एनसीआर के अन्य हिस्सों से नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट तक सीधी कनेक्टिविटी उपलब्ध होगी। ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेसवे से जुड़ाव के कारण उत्तर भारत के कई शहरों से आने वाले वाहन दिल्ली में प्रवेश किए बिना सीधे एयरपोर्ट तक पहुंच सकेंगे। इससे नोएडा एयरपोर्ट की सड़क कनेक्टिविटी और मजबूत होने की उम्मीद है।
एनएचएआई ने इस परियोजना को हाइब्रिड एनुइटी मॉडल (HAM) के तहत विकसित किया है। वर्ष 2023 में परियोजना की मूल लागत करीब 2,414.67 करोड़ रुपये थी। बाद में परियोजना में बदलाव और फरीदाबाद क्षेत्र में 11 किलोमीटर के एलिवेटेड हिस्से को शामिल किए जाने के बाद इसकी लागत बढ़कर 3,630.77 करोड़ रुपये हो गई है।
हरियाणा में एलिवेटेड रोड समेत शेष कार्यों को पूरा करने का लक्ष्य मई 2027 रखा गया है। इसके बाद पूरे लिंक एक्सप्रेसवे को आम यातायात के लिए खोलने की तैयारी है। परियोजना के पूरी तरह शुरू होने से नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट को दिल्ली-एनसीआर और उत्तर भारत के प्रमुख एक्सप्रेसवे नेटवर्क से बेहतर और सीधी कनेक्टिविटी मिलने की उम्मीद है।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
टिप्पणियाँ बंद हैं।