बारिश-बाढ़ से टूटी सड़कों पर CM योगी सख्त, त्योहारों से पहले मरम्मत पूरी करने के निर्देश

टेन न्यूज नेटवर्क

Lucknow News (12/09/2026): मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को उत्तर प्रदेश लोक निर्माण विभाग के कार्यों की समीक्षा करते हुए बारिश और बाढ़ से प्रभावित सड़कों की मरम्मत में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि खराब मार्गों को प्राथमिकता के आधार पर ठीक कर लोगों के आवागमन के लिए जल्द तैयार किया जाए।

मुख्यमंत्री ने बारिश के बाद क्षतिग्रस्त हुए नए मार्गों का भी सर्वे कराने को कहा। उन्होंने निर्देश दिया कि जिन सड़कों की स्थिति अधिक खराब है, उन्हें फिलहाल मोटरेबल बनाया जाए, जबकि बरसात खत्म होने के बाद आवश्यकता के अनुसार उनका स्थायी नवीनीकरण कराया जाए।

समीक्षा के दौरान मुख्यमंत्री ने आगामी पर्व और त्योहारों को देखते हुए प्रमुख मार्गों की स्थिति बेहतर रखने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि त्योहारों के दौरान बड़ी संख्या में लोगों की आवाजाही होती है, इसलिए इससे पहले जरूरी मरम्मत और नवीनीकरण का काम पूरा कर लिया जाए।

उन्होंने शिक्षण संस्थानों, अस्पतालों, प्रमुख बाजारों, सरकारी कार्यालयों और अधिक आवाजाही वाले अन्य स्थानों की सड़कों को विशेष प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि जरूरत वाले मार्गों पर तत्काल काम शुरू हो और मरम्मत के दौरान गुणवत्ता के साथ कार्य की गति पर भी ध्यान रखा जाए।

मुख्यमंत्री ने केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय के अधिकारियों से उनकी कार्ययोजना की जानकारी ली। इसके साथ ही मंडी परिषद, पंचायती राज, सिंचाई, ग्राम्य विकास, नगर विकास, आवास एवं शहरी नियोजन तथा अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास विभाग की योजनाओं की भी समीक्षा की। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय से काम करने के निर्देश दिए।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.

टिप्पणियाँ बंद हैं।