बारिश ने बिगाड़ा नोएडा एयरपोर्ट का फ्लाइट शेड्यूल, कई उड़ानें प्रभावित
टेन न्यूज नेटवर्क
Jewar News (12/09/2026): नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से शुक्रवार को लखनऊ और जयपुर के लिए निर्धारित इंडिगो की सुबह की उड़ानें रद्द रहीं। लखनऊ जाने वाली फ्लाइट 6E-7624 को सुबह 5:50 बजे उड़ान भरनी थी, जबकि जयपुर जाने वाली फ्लाइट 6E-7646 का निर्धारित प्रस्थान समय सुबह 6:15 बजे था। दोनों उड़ानों का संचालन नहीं हो सका।
इसके अलावा जयपुर से नोएडा आने वाली फ्लाइट 6E-7647 और लखनऊ से नोएडा आने वाली संबंधित उड़ान भी रद्द रही। एयरलाइन की ओर से इन उड़ानों के रद्द होने की स्पष्ट वजह सार्वजनिक नहीं की गई। वहीं, लखनऊ के लिए सुबह 5:50 बजे निर्धारित फ्लाइट शनिवार को भी रद्द रहने की जानकारी सामने आई है।
बारिश से कई उड़ानें प्रभावित
शुक्रवार को हुई तेज बारिश का असर नोएडा एयरपोर्ट की उड़ान सेवाओं पर भी देखने को मिला। कई फ्लाइट निर्धारित समय से देरी से रवाना हुईं या अपने गंतव्य पर देर से पहुंचीं। जोधपुर जाने वाली इंडिगो की फ्लाइट 6E-7675 करीब 20 मिनट की देरी से रवाना हुई। वहीं, जोधपुर से नोएडा आने वाली फ्लाइट 6E-7676 का निर्धारित आगमन समय दोपहर 2 बजे था, लेकिन विमान 2:35 बजे एयरपोर्ट पहुंचा।
इसी तरह जयपुर से आने वाली फ्लाइट 6E-7643 भी निर्धारित समय से 11 मिनट की देरी से पहुंची। इसका तय आगमन समय शाम 6:05 बजे था, जबकि विमान 6:16 बजे एयरपोर्ट पहुंचा। इसके अलावा पंतनगर, मुंबई, बरेली, जम्मू, श्रीनगर, बेंगलुरु और भोपाल समेत कई शहरों के लिए संचालित उड़ानें भी मौसम के कारण प्रभावित हुईं और उनके संचालन समय में बदलाव देखने को मिला।
बारिश के कारण उड़ानों में देरी और कुछ सेवाओं के रद्द होने से यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। यात्रियों को अपनी फ्लाइट की स्थिति के लिए एयरलाइन की ओर से जारी ताजा अपडेट चेक करने की सलाह दी गई है।
टिप्पणियाँ बंद हैं।