12 सितंबर को राष्ट्रीय लोक अदालत, लंबित केस और चालान निपटाने का मौका
टेन न्यूज नेटवर्क
Gautam Buddh Nagar News (11/09/2026): गौतमबुद्ध नगर में शनिवार, 12 सितंबर 2026 को राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा। जनपद न्यायाधीश एवं अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण गौतमबुद्ध नगर अतुल श्रीवास्तव ने लोक अदालत के व्यापक प्रचार-प्रसार को लेकर दीवानी न्यायालय परिसर में प्रेसवार्ता की। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय लोक अदालत सुबह 10 बजे से जनपद मुख्यालय के साथ सभी तहसील न्यायालयों में आयोजित होगी।
जनपद न्यायाधीश ने बताया कि लोक अदालत में विभिन्न मामलों का निस्तारण आपसी सहमति और समझौते के आधार पर कराया जाएगा। इसका उद्देश्य लंबित मामलों का सरल और त्वरित समाधान उपलब्ध कराना है।
इन मामलों का होगा निस्तारण
राष्ट्रीय लोक अदालत में मोटर दुर्घटना प्रतिकर से जुड़े मामले, वैवाहिक विवाद, भारतीय उत्तराधिकार अधिनियम से संबंधित मामले, दीवानी वाद, एनआई एक्ट की धारा 138 के मामले, ई-चालान, आर्बिट्रेशन, छोटे शमनीय मामले, विद्युत अधिनियम और भू-राजस्व से जुड़े मामलों सहित अन्य सुलह योग्य मामलों का निस्तारण किया जाएगा।
इसके अलावा सेवा एवं पेंशन संबंधी मामले, श्रम विवाद तथा प्री-लिटिगेशन स्तर पर बैंक ऋण, विद्युत और बीएसएनएल टेलीफोन बिल से जुड़े मामलों को भी आपसी समझौते के जरिए निस्तारित किया जा सकेगा।
चालान और लंबित मामलों की जानकारी के लिए टेली सेवा
जनसामान्य को अपने लंबित मामलों और मोटर वाहन चालान से जुड़ी जानकारी उपलब्ध कराने के लिए दीवानी न्यायालय गौतमबुद्धनगर की ओर से टेली सेवा शुरू की गई है।
लोग 11 और 12 सितंबर को सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक मोबाइल नंबर 7678643985 पर संपर्क कर आवश्यक जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।
न्यायालय परिसर में बनाए गए चार हेल्प डेस्क
लोगों की सुविधा के लिए दीवानी न्यायालय परिसर में चार हेल्प डेस्क बनाए गए हैं। इन्हें कंप्यूटर कक्ष और गेट नंबर-2 के पास स्थित जन सेवा केंद्र से संचालित किया जा रहा है।
हेल्प डेस्क के माध्यम से वादकारी अपने मुकदमों और मोटर वाहन चालान से संबंधित जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। इसके अलावा मोटर वाहन चालानों के आसान निस्तारण के लिए इलाहाबाद हाईकोर्ट की ओर से संचालित पेमेंट सेतु लिंक की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है। हेल्प डेस्क के माध्यम से चालान के निस्तारण में भी सहायता दी जाएगी।
जनपदवासियों से अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील
जनपद न्यायाधीश अतुल श्रीवास्तव ने गौतमबुद्ध नगर के लोगों से अपील की कि वे अपने लंबित मामलों के त्वरित और सरल निस्तारण के लिए राष्ट्रीय लोक अदालत का लाभ उठाएं। उन्होंने लोगों से टेली सेवा और हेल्प डेस्क की सुविधा का भी अधिक से अधिक उपयोग करने की अपील की।
प्रेसवार्ता के दौरान अपर जिला जज एवं विशेष न्यायाधीश (एससी/एसटी एक्ट) तथा राष्ट्रीय लोक अदालत की नोडल अधिकारी सोमप्रभा मिश्रा और प्रभारी सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण एवं अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (तृतीय) विरेक अग्रवाल मौजूद रहे।
टिप्पणियाँ बंद हैं।