UPITS 2026 में B2B और Export का बड़ा मौका, IBA ने उद्यमियों से की खास अपील
टेन न्यूज नेटवर्क
Greater Noida News (11/09/2026): ग्रेटर नोएडा में UP International Trade Show 2026 (UPITS) की तैयारियों को लेकर उद्योग जगत से जुड़े प्रतिनिधियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में ट्रेड शो में अधिक से अधिक उद्यमियों की भागीदारी बढ़ाने, विदेशी खरीदारों के साथ B2B कनेक्टिविटी मजबूत करने और स्थानीय उद्योगों के लिए एक्सपोर्ट के नए अवसर तलाशने पर चर्चा हुई।
विदेशी खरीदारों से जुड़ने का बड़ा अवसर
टेन न्यूज नेटवर्क से बातचीत में IBA के वाइस प्रेसिडेंट पराग अग्रवाल ने बताया कि इस वर्ष UP International Trade Show का चौथा संस्करण आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि गौतमबुद्धनगर के लिए यह गौरव की बात है और आयोजन को सफल बनाने के लिए उद्योग जगत से जुड़े सभी लोगों को मिलकर प्रयास करना चाहिए।
उन्होंने बताया कि इस बार पांच विदेशी देश UPITS में भाग ले रहे हैं। विदेशी देशों के स्टॉल देखने के साथ ही उनके प्रतिनिधियों और प्रदर्शकों से बातचीत करने का अवसर भी उद्यमियों को मिलेगा।
पराग अग्रवाल ने कहा कि नोएडा के उद्योगों के लिए UPITS के जरिए विदेशी खरीदारों से B2B कनेक्शन बनाने और एक्सपोर्ट बढ़ाने का अच्छा अवसर है। उन्होंने कहा कि जो उद्योग अभी एक्सपोर्ट नहीं कर रहे हैं, वे भी इस मंच के माध्यम से विदेशी खरीदारों की जरूरतों और उत्पादों से जुड़ी उनकी अपेक्षाओं को समझ सकते हैं और आगे एक्सपोर्ट की दिशा में कदम बढ़ा सकते हैं।
उन्होंने उद्यमियों से UPITS 2026 में अधिक से अधिक भागीदारी करने और उपलब्ध अवसरों का लाभ उठाने की अपील की।
UPITS ऐप से B2B मीटिंग की सुविधा
IBA की डॉ. खुशबू सिंह आर्या ने टेन न्यूज नेटवर्क से बातचीत में बताया कि उन्होंने एक्सपोर्टर के तौर पर UPITS 2026 में दो स्टॉल लिए हैं और वह इस आयोजन के शुरुआती संस्करणों से ही इससे जुड़ी रही हैं।
उन्होंने कहा कि इस बार UPITS 2026 ऐप को लेकर उद्यमियों के बीच जागरूकता बढ़ाना जरूरी है। ऐप के माध्यम से खरीदार और प्रदर्शक अपनी B2B मीटिंग्स के लिए रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं, जिससे व्यापारिक बातचीत को बेहतर तरीके से आगे बढ़ाया जा सके।
डॉ. खुशबू सिंह आर्या ने बताया कि IBA के माध्यम से संगठन के सदस्यों और संबंधित औद्योगिक इकाइयों तक इसकी जानकारी पहुंचाई जाएगी, ताकि ज्यादा से ज्यादा स्थानीय उद्यमी UPITS 2026 में उपलब्ध अवसरों का लाभ उठा सकें।
MSME और नए कारोबारियों के लिए भी अवसर
IBA के ज्वाइंट सेक्रेटरी विकास राय ने बताया कि वह UPITS के चौथे संस्करण में MSME प्रतिभागी के तौर पर हिस्सा ले रहे हैं। उन्होंने कहा कि पिछले तीन संस्करणों की सफलता को देखते हुए इस बार भी ट्रेड शो में भागीदारी महत्वपूर्ण है।
उन्होंने कहा कि MSME के साथ-साथ स्टार्टअप और नया कारोबार शुरू करने की योजना बना रहे लोगों के लिए भी UPITS एक महत्वपूर्ण मंच है। इसमें उद्यमी प्रदर्शक के रूप में अपने उत्पादों को प्रस्तुत करने के साथ-साथ विजिटर के तौर पर भी नए कारोबार और बाजार से जुड़े अवसरों को समझ सकते हैं।
विदेशी प्रतिनिधियों से सीधे संपर्क का मौका
विकास राय ने बताया कि UPITS 2026 में रूस, मॉरीशस, सिंगापुर और ऑस्ट्रिया सहित पांच विदेशी देशों की भागीदारी है। उन्होंने कहा कि UPITS 2026 ऐप के माध्यम से विदेशी प्रतिनिधिमंडलों और प्रदर्शकों के साथ मीटिंग तय की जा सकती है।
उन्होंने बताया कि उद्यमी विदेशी खरीदारों के उत्पादों में अपनी रुचि दर्ज कराने के साथ ही अपने उत्पादों और सेवाओं को भी उनके सामने प्रस्तुत कर सकते हैं। इससे नए बिजनेस कनेक्शन बनाने और संभावित बाजारों तक पहुंचने का अवसर मिल सकता है।
विकास राय ने कहा कि UPITS 2026 उत्तर प्रदेश के उद्यमियों, खासकर MSME और स्थानीय कारोबारियों के लिए एक महत्वपूर्ण बिजनेस प्लेटफॉर्म है। उन्होंने सभी उद्यमियों से ट्रेड शो में अधिक से अधिक भागीदारी करने और उपलब्ध अवसरों का लाभ उठाने की अपील की।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
टिप्पणियाँ बंद हैं।