नोएडा में जमीन की नीलामी का बड़ा रिकॉर्ड, M3M ने 1,839 करोड़ में खरीदी जमीन

टेन न्यूज नेटवर्क

Noida News (11/09/2026): सेक्टर-108 में कमर्शियल मिक्स्ड यूज के लिए रखे गए करीब 49,932 वर्गमीटर प्लॉट की नीलामी में M3M इंडिया ने 1,839 करोड़ रुपए की सबसे बड़ी बोली लगाकर जमीन हासिल की। प्राधिकरण ने इस प्लॉट की शुरुआती कीमत 836 करोड़ रुपए तय की थी। इस तरह अंतिम बोली रिजर्व कीमत से करीब 1,003 करोड़ रुपए अधिक रही।

नीलामी के दौरान M3M और DLF के बीच सीधा मुकाबला देखने को मिला। DLF ने 1,740 करोड़ रुपए तक बोली लगाई, लेकिन इसके बाद M3M ने 1,839 करोड़ रुपए की पेशकश कर प्लॉट अपने नाम कर लिया। नीलामी में शॉर्टलिस्ट की गई तीसरी कंपनी गोदरेज प्रॉपर्टीज ने बोली प्रक्रिया में हिस्सा नहीं लिया।

यह जमीन मिक्स्ड यूज कैटेगरी में है। इस पर होटल, कमर्शियल कॉम्प्लेक्स, मॉल और स्टूडियो अपार्टमेंट जैसे प्रोजेक्ट विकसित किए जा सकते हैं। नोएडा प्राधिकरण के OSD क्रांति शेखर के मुताबिक, M3M की ओर से अभी प्रोजेक्ट का प्लान जमा नहीं किया गया है। कंपनी की योजना सामने आने के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि जमीन पर किस तरह का विकास किया जाएगा।

सेक्टर-108 का यह सौदा नोएडा के बड़े कमर्शियल जमीन सौदों में दूसरे स्थान पर बताया जा रहा है। इससे पहले वर्ष 2008 में सेक्टर-94 की करीब 95 एकड़ जमीन के लिए BPTP कैपिटल सिटी ने 5,006 करोड़ रुपए की पेशकश की थी। हालांकि बाद में कंपनी ने जमीन के कुछ हिस्से को सरेंडर कर दिया था। M3M इससे पहले भी नोएडा में बड़े जमीन सौदे कर चुकी है। नवंबर 2022 में कंपनी ने सेक्टर-94 में करीब 12 एकड़ जमीन 827 करोड़ रुपए में खरीदी थी, जहां M3M द क्यूलियन प्रोजेक्ट विकसित किया जा रहा है। इसी साल सेक्टर-98 में करीब 6 एकड़ जमीन 414 करोड़ रुपए में खरीदी गई थी।

प्राधिकरण की नीलामी में सेक्टर-108 के अलावा चार अन्य कमर्शियल प्लॉट भी शामिल रहे। इनसे करीब 1,515 करोड़ रुपए की आय हुई। सेक्टर-96 में 24 हजार वर्गमीटर का प्लॉट 410 करोड़ रुपए की रिजर्व कीमत के मुकाबले 414.8 करोड़ रुपए में बिका। वहीं सेक्टर-98 में 24-24 हजार वर्गमीटर के दो प्लॉट 414-414 करोड़ रुपए में नीलाम हुए। इन दोनों की शुरुआती कीमत 410 करोड़ रुपए थी। सेक्टर-132 में 22,403 वर्गमीटर के प्लॉट की भी नीलामी की गई।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.

टिप्पणियाँ बंद हैं।