BRICS Summit 2026: दिल्ली में 11 से 13 सितंबर तक बड़े ट्रैफिक बदलाव, देखें पूरी लिस्ट

टेन न्यूज़ नेटवर्क

New Delhi News (10 September 2026): नई दिल्ली में 11 से 13 सितंबर तक प्रगति मैदान स्थित भारत मंडपम में आयोजित होने वाले 18वें BRICS शिखर सम्मेलन को लेकर दिल्ली में सुरक्षा और यातायात व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। विभिन्न देशों के राष्ट्राध्यक्षों, विदेशी प्रतिनिधियों और वीवीआईपी काफिलों की सुरक्षित व निर्बाध आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने बहुस्तरीय ट्रैफिक मैनेजमेंट प्लान तैयार किया है। इस दौरान नई दिल्ली जिले और उससे जुड़े कई प्रमुख इलाकों में व्यापक ट्रैफिक डायवर्जन और प्रतिबंध लागू रहेंगे। ट्रैफिक पुलिस के अनुसार, आम नागरिकों को यात्रा के दौरान संभावित परेशानी से बचाने के लिए कई महत्वपूर्ण मार्गों पर विशेष व्यवस्था की गई है।

सम्मेलन के दौरान लोगों को ट्रैफिक प्रतिबंधों और वैकल्पिक रास्तों की रियल-टाइम जानकारी उपलब्ध कराने के लिए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने Google Maps और Mappls Apps के साथ समन्वय किया है। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के एडिशनल सीपी दिनेश कुमार गुप्ता के मुताबिक, ट्रैफिक डायवर्जन, प्रतिबंधित मार्गों और वैकल्पिक रास्तों की लाइव जानकारी सीधे इन प्लेटफॉर्म्स को उपलब्ध कराई जाएगी, ताकि वाहन चालकों को समय रहते सही रूट मिल सके। यदि कोई चालक गलती से प्रतिबंधित क्षेत्र की ओर बढ़ता है, तो लाइव नेविगेशन के जरिए उसे नजदीकी खुले और सुगम वैकल्पिक मार्ग की ओर डायवर्ट किया जाएगा।

वीवीआईपी मूवमेंट और सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए ऐप आधारित कैब और टैक्सी सेवाओं के लिए भी विशेष निर्देश जारी किए गए हैं। Ola, Uber, Rapido और Bharat Taxi सहित अन्य कैब सेवा प्रदाताओं के साथ बैठक कर स्पष्ट किया गया है कि प्रतिबंधित क्षेत्रों में कैब और टैक्सियों का पिक-अप और ड्रॉप पूरी तरह बंद रहेगा। कंपनियों को अपने मोबाइल ऐप्स में प्रतिबंधित क्षेत्रों को जियो-फेंस करने और केवल अनुमति प्राप्त बाहरी स्थानों पर ही पिक-अप तथा ड्रॉप की सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही सभी कैब चालकों को उनके पार्टनर ऐप्स के माध्यम से दिल्ली पुलिस की ट्रैफिक एडवाइजरी और प्रतिबंधित क्षेत्रों की जानकारी भेजी जा रही है।

दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के आधिकारिक ट्रैफिक प्लान के अनुसार शहर में 22 प्रमुख डायवर्जन जंक्शनों पर वाहनों का मार्ग बदला जाएगा। इनमें डॉ. दिनेश नंदिनी डालमिया चौक, राम चरण अग्रवाल चौक यानी आईटीओ, मीर दर्द चौक, पटेल चौक, मंडी हाउस, जनपथ-कनॉट प्लेस आउटर सर्किल, गोल डाकखाना और तीन मूर्ति मार्ग समेत कई महत्वपूर्ण स्थान शामिल हैं। इसके अलावा सरदार पटेल मार्ग, शांति पथ, अकबर रोड, तिलक मार्ग, मथुरा रोड, जनपथ, पृथ्वीराज रोड, पुराना किला रोड, सी-हेक्सागन यानी इंडिया गेट और सफदरजंग रोड सहित 35 से अधिक प्रमुख वीवीआईपी कॉरिडोर्स पर सामान्य निजी और वाणिज्यिक वाहनों की आवाजाही नियंत्रित रहेगी। इन मार्गों पर केवल आपातकालीन वाहन, पास-धारक अधिकृत गाड़ियां और वीवीआईपी काफिले को अनुमति होगी।

ट्रैफिक पुलिस ने नियंत्रित सड़कों के 200 मीटर के दायरे को नो-पार्किंग जोन घोषित करते हुए अवैध रूप से खड़े वाहनों को टो-ट्रक से हटाने की चेतावनी दी है। वहीं दिल्ली की सीमाओं से होकर दूसरे राज्यों की ओर जाने वाले गैर-गंतव्य भारी और मध्यम वाणिज्यिक मालवाहक वाहनों के दिल्ली में प्रवेश पर 11 से 13 सितंबर तक प्रतिबंध रहेगा। हालांकि मरीजों, एम्बुलेंस और फायर ब्रिगेड जैसी आपातकालीन सेवाओं के लिए 24 घंटे प्राथमिकता वाले कॉरिडोर खुले रखे जाएंगे। दिल्ली पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि यात्रा पर निकलने से पहले Google Maps या Mappls App पर लाइव ट्रैफिक अपडेट जरूर जांचें और सड़कों पर तैनात पुलिसकर्मियों के निर्देशों का पालन करें।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.

टिप्पणियाँ बंद हैं।