Noida News (10/09/2026): न्यू नोएडा के विकास के लिए प्रस्तावित जमीन की खरीद प्रक्रिया को गति देने की तैयारी शुरू हो गई है। नोएडा प्राधिकरण ने पहले चरण में शामिल 31 गांवों में जमीन का सर्वे शुरू करा दिया है। सोमवार से पांच लेखपालों की टीम गांवों में पहुंचकर जमीन से जुड़े रिकॉर्ड और मौके की स्थिति की जानकारी जुटा रही है। सर्वे को जल्द पूरा करने के लिए पांच और लेखपालों की तैनाती की जाएगी।
प्राधिकरण इन गांवों में कैंप भी लगाएगा। इन कैंपों में किसानों और भूमिधरों को जमीन खरीद की प्रक्रिया, मुआवजे और आबादी भूखंड से संबंधित जानकारी दी जाएगी। साथ ही जमीन के दस्तावेज, स्वामित्व और अन्य राजस्व रिकॉर्ड जुटाए जाएंगे। न्यू नोएडा क्षेत्र के कई किसान अपनी जमीन से जुड़ी जानकारी लेने के लिए प्राधिकरण कार्यालय भी पहुंच रहे हैं।
सर्वे के दौरान लेखपाल खसरा-खतौनी समेत राजस्व अभिलेखों की जांच करेंगे। जमीन किसके नाम दर्ज है, खेत की वर्तमान स्थिति क्या है और आबादी क्षेत्र से जुड़ी स्थिति क्या है, इसकी जानकारी दर्ज की जाएगी। प्राधिकरण की योजना किसानों से आपसी सहमति के आधार पर जमीन खरीदने की है। सर्वे और दस्तावेजों की जांच पूरी होने के बाद संबंधित किसानों के साथ जमीन खरीद की आगे की कार्रवाई की जाएगी।
जमीन खरीद की प्रक्रिया के साथ नए अतिक्रमण पर रोक लगाने की भी तैयारी की जा रही है। इसके लिए अधिसूचना जारी होने से पहले और बाद की सैटेलाइट तस्वीरें जुटाई जा रही हैं। दोनों समय की तस्वीरों का मिलान कर यह देखा जाएगा कि अधिसूचना के बाद संबंधित जमीन पर कोई नया निर्माण या अतिक्रमण तो नहीं हुआ। इससे भविष्य में जमीन और निर्माण से जुड़े विवादों की स्थिति में रिकॉर्ड के तौर पर मदद मिलेगी।
न्यू नोएडा यानी डीएनजीआईआर के विकास में किसानों को मुआवजे के साथ आबादी भूखंड का लाभ भी दिया जाएगा। पहले और दूसरे चरण में जमीन खरीद के लिए मुआवजा दर तथा 6 प्रतिशत आबादी भूखंड का लाभ ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के प्रावधानों के अनुरूप दिया जाना है। वहीं तीसरे और चौथे चरण में मुआवजा दर के साथ 7 प्रतिशत आबादी भूखंड का लाभ यमुना प्राधिकरण के अनुसार मिलेगा।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
टिप्पणियाँ बंद हैं।