शिक्षक विधायक श्रीचंद शर्मा के दावे पर महासभा ने उठाए सवाल, चुनाव से पहले सियासत गरमाई

टेन न्यूज नेटवर्क

Meerut News (09/09/2026): आगामी विधान परिषद शिक्षक चुनाव को लेकर मेरठ-सहारनपुर मंडल में राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। इसी बीच शिक्षक विधायक श्रीचंद शर्मा की ओर से माध्यमिक वित्तविहीन शिक्षक महासभा द्वारा समर्थन दिए जाने से संबंधित एक पत्र सोशल मीडिया पर जारी किए जाने के बाद विवाद खड़ा हो गया है। संगठन के पदाधिकारी ने इस समर्थन पत्र की प्रामाणिकता पर सवाल उठाते हुए किसी भी प्रत्याशी को आधिकारिक समर्थन दिए जाने से इनकार किया है।

दरअसल, हाल ही में शिक्षक विधायक श्रीचंद शर्मा की ओर से सोशल मीडिया पर एक समर्थन पत्र साझा किया गया। इसमें दावा किया गया कि माध्यमिक वित्तविहीन शिक्षक महासभा आगामी विधान परिषद चुनाव में उनके समर्थन में है। पत्र उत्तर प्रदेश माध्यमिक विद्यालय शिक्षक महासभा के लेटरहेड पर जारी किया गया बताया गया है। पत्र पर संगठन के प्रदेश महासचिव मनोज शर्मा, प्रदेश संगठन मंत्री सरला चौधरी और प्रदेश उपाध्यक्ष सत्यपाल सिंह वर्मा समेत कई पदाधिकारियों के हस्ताक्षर होने का दावा किया गया है।

महासभा ने समर्थन पत्र को बताया असत्य

समर्थन पत्र सामने आने के बाद उत्तर प्रदेश माध्यमिक वित्तविहीन शिक्षक महासभा के प्रधान महासचिव जियारत हुसैन ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी कर इस दावे का खंडन किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि संगठन की ओर से किसी भी प्रत्याशी को आधिकारिक रूप से समर्थन नहीं दिया गया है।

उन्होंने सोशल मीडिया पर सामने आए समर्थन पत्र के लेटरहेड और उसकी वैधता पर भी सवाल उठाए। उनका कहना है कि संगठन ने किसी प्रत्याशी के पक्ष में इस प्रकार का कोई आधिकारिक समर्थन पत्र जारी नहीं किया है।

जियारत हुसैन ने शिक्षक और प्रबंधक समुदाय से आगामी एमएलसी शिक्षक चुनाव को लेकर सतर्क रहने की अपील की। उन्होंने राजनीतिक दलों से जुड़े प्रत्याशियों को लेकर भी शिक्षकों को सावधान रहने की बात कही। उनका आरोप है कि चुनाव के दौरान कुछ प्रत्याशी वित्तविहीन शिक्षकों के हितैषी होने का दावा करते हैं, लेकिन चुनाव के बाद उनके हितों की अनदेखी की जाती है। उन्होंने कहा कि आगामी विधान परिषद चुनाव में वित्तविहीन शिक्षक ऐसे प्रत्याशियों को अपने मत के माध्यम से जवाब देंगे।

शिक्षक नेता कुलदीप मलिक ने भी साधा निशाना

मामले को लेकर शिक्षक नेता और ‘शिक्षा पर चर्चा’ कार्यक्रम के संस्थापक डॉ. कुलदीप मलिक से भी संपर्क किया गया। उन्होंने पूरे विवाद को वर्तमान शिक्षक विधायक श्रीचंद शर्मा और माध्यमिक वित्तविहीन शिक्षक महासभा के बीच का मामला बताया। साथ ही उन्होंने मेरठ-सहारनपुर मंडल के शिक्षकों और प्रबंधकों से चुनाव के दौरान सामने आने वाले दावों और वादों की पुष्टि करने के बाद ही निर्णय लेने की अपील की।

डॉ. मलिक ने आरोप लगाया कि पूर्व में भी श्रीचंद शर्मा शिक्षकों और प्रबंधकों से किए गए कथित वादों के आधार पर चुनाव जीत चुके हैं। हालांकि, उनके अनुसार अब मंडल के शिक्षक और प्रबंधक पहले की तुलना में अधिक जागरूक हैं और केवल सोशल मीडिया पर जारी होने वाले दावों या समर्थन पत्रों से उनके चुनावी निर्णय प्रभावित नहीं होंगे।

चुनाव से पहले बढ़ी सियासी हलचल

समर्थन पत्र को लेकर सामने आए इस विवाद ने मेरठ-सहारनपुर मंडल में आगामी शिक्षक एमएलसी चुनाव की सियासत को और गरमा दिया है। एक ओर श्रीचंद शर्मा के समर्थन में जारी बताए जा रहे पत्र को लेकर चर्चा है, वहीं संगठन के पदाधिकारी इसके आधिकारिक समर्थन होने से इनकार कर रहे हैं।

ऐसे में अब यह मामला केवल एक समर्थन पत्र तक सीमित नहीं रह गया है, बल्कि आगामी विधान परिषद चुनाव में वित्तविहीन शिक्षकों के रुख और विभिन्न प्रत्याशियों के दावों की विश्वसनीयता को लेकर भी बहस तेज हो गई है। चुनाव से पहले सामने आए इस विवाद के बीच शिक्षकों की नजर अब इस बात पर है कि संगठन और संबंधित प्रत्याशी इस मामले में आगे क्या स्पष्टीकरण देते हैं।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.

टिप्पणियाँ बंद हैं।