Ghaziabad News (09/09/2026): गाजियाबाद के लोनी में विधायक नंदकिशोर गुर्जर को धमकी देने के मामले में फरार चल रहे 25 हजार रुपये के इनामी आरोपी हाजी सलमान को पुलिस ने राजस्थान के चित्तौड़गढ़ से गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने गिरफ्तारी से बचने के लिए भागने की कोशिश की, लेकिन उसकी कार पेड़ से टकरा गई। इसके बाद पुलिस ने उसे पकड़ लिया और ट्रांजिट रिमांड पर गाजियाबाद लाया गया।
पुलिस के अनुसार, 2 सितंबर को सलमान पर अपने 50 से अधिक साथियों के साथ राम विहार कॉलोनी निवासी सुमित सूद के साथ मारपीट करने का आरोप है। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया था। इसके दो दिन बाद 4 सितंबर को आरोपी ने सोशल मीडिया पर लोनी विधायक नंदकिशोर गुर्जर को धमकी दी थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश शुरू की और बाद में उस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया।
क्राइम ब्रांच को आरोपी के राजस्थान में होने की जानकारी मिली थी। पुलिस टीम उसकी लगातार बदल रही लोकेशन को ट्रैक कर रही थी। आखिरकार उसे चित्तौड़गढ़ से पकड़ लिया गया। तलाशी के दौरान उसके पास से तीन आईफोन और करीब सात हजार रुपये बरामद हुए हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपी वारदात के बाद जिले से बाहर चला गया था और कुछ परिचितों व सोशल मीडिया फॉलोअर्स की मदद से अलग-अलग जगहों पर छिप रहा था।
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, हाजी सलमान लोनी थाने का हिस्ट्रीशीटर है। उसके खिलाफ गाजियाबाद और दिल्ली के अलग-अलग थानों में मारपीट, दुष्कर्म समेत विभिन्न धाराओं में कुल 14 मुकदमे दर्ज हैं। अप्रैल 2024 में उसके खिलाफ गुंडा एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए छह महीने के लिए जिलाबदर भी किया गया था। अब पुलिस उन लोगों की भी पहचान कर रही है, जिन्होंने फरारी के दौरान आरोपी को पनाह या मदद दी।
आरोपी की गिरफ्तारी के बाद लोनी विधायक नंदकिशोर गुर्जर ने गाजियाबाद बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों और अधिवक्ताओं से अपील की कि वे आरोपी का किसी भी स्तर पर समर्थन न करें। वहीं, सोशल मीडिया पर आरोपी के एनकाउंटर की आशंका जताने वाला एक ई-मेल भी सामने आया है। पुलिस ने अभी इस ई-मेल की पुष्टि नहीं की है और इसकी जांच की जा रही है।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
टिप्पणियाँ बंद हैं।