ग्रेटर नोएडा के स्कूल में दबंगई, 8-10 युवकों ने छात्रों को पीटा
टेन न्यूज नेटवर्क
Greater Noida News (08/09/2026): ग्रेटर नोएडा के खेड़ी गांव स्थित एमसी गोपीचंद इंटर कॉलेज में छात्रों के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। शिक्षक दिवस के दिन हुए विवाद के बाद करीब 8-10 युवक स्कूल परिसर में पहुंच गए और 12वीं कक्षा के चार छात्रों के साथ मारपीट की। पूरी घटना स्कूल में लगे CCTV कैमरों में रिकॉर्ड हो गई।
जानकारी के मुताबिक, विवाद की शुरुआत 12वीं के एक छात्र द्वारा 10वीं कक्षा के छात्र लीली को थप्पड़ मारने से हुई थी। लीली ने इसकी जानकारी अपने भाई आदित्य सिंह को दी। आदित्य ने संबंधित छात्र से थप्पड़ मारने की वजह पूछी, जिसके बाद मामला और बढ़ गया।
आरोप है कि इसके बाद संबंधित छात्र ने अपने पिता प्रमोद को स्कूल बुला लिया। कुछ ही देर में कई युवक स्कूल पहुंचे और गेट के पास मयंक सिंह के साथ मारपीट की। इसके बाद स्कूल परिसर के अंदर आदित्य को भी घेरकर पीटा गया। इस दौरान स्कूल में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
छात्रों को बचाने के लिए स्कूल के गार्डों ने बीच-बचाव करने की कोशिश की, लेकिन आरोपी युवक नहीं माने। घटना के बाद सभी मौके से चले गए। मारपीट का CCTV वीडियो अब सोशल मीडिया पर भी सामने आया है, जिसके आधार पर पुलिस आरोपियों की पहचान कर रही है।
मामले में सूरजपुर थाना पुलिस ने छात्रों के परिजनों की शिकायत पर FIR दर्ज कर ली है। पुलिस ने घायल छात्रों का मेडिकल परीक्षण कराया है। पुलिस के अनुसार CCTV फुटेज और शिकायत में सामने आए तथ्यों के आधार पर जांच की जा रही है और घटना में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
टिप्पणियाँ बंद हैं।