स्वच्छ वायु सर्वेक्षण में नोएडा ने लगाई छलांग, देश में 8वें नंबर पर

टेन न्यूज नेटवर्क

Noida News (08/09/2026): स्वच्छ वायु सर्वेक्षण 2026 में नोएडा ने अपनी रैंकिंग में सुधार किया है। 3 से 10 लाख आबादी वाले शहरों की श्रेणी में नोएडा को देशभर में 8वां स्थान मिला है। पिछले साल शहर 9वें पायदान पर था। इस बार नोएडा ने एक स्थान ऊपर चढ़कर बेहतर प्रदर्शन किया है।

सर्वेक्षण में शहरों को वायु प्रदूषण कम करने के लिए किए गए प्रयासों के आधार पर आंका गया। इसमें सड़क की धूल पर नियंत्रण, कचरा प्रबंधन, हरित क्षेत्रों का विस्तार, वायु गुणवत्ता सुधार और लोगों की भागीदारी जैसे पहलुओं को शामिल किया गया।

नोएडा में प्रदूषण रोकने के लिए निर्माण स्थलों पर धूल नियंत्रण के उपाय किए जा रहे हैं। सड़कों की मशीनों से सफाई, पानी का छिड़काव और प्रदूषण प्रभावित क्षेत्रों में एंटी-स्मॉग गन व वाटर स्प्रिंकलर टैंकरों का इस्तेमाल किया जा रहा है।

नोएडा प्राधिकरण के अनुसार, शहर की रैंकिंग में सुधार प्रशासन और नागरिकों के साझा प्रयासों का परिणाम है। प्राधिकरण ने हरित पट्टियों को बढ़ाने और स्वच्छ परिवहन को प्रोत्साहित करने के साथ जागरूकता अभियानों पर भी जोर दिया है।

अब प्राधिकरण की नजर अगले सर्वेक्षण में नोएडा को देश में पहले स्थान पर लाने की है। इसके लिए प्रदूषण नियंत्रण और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े मौजूदा प्रयासों को और प्रभावी बनाने पर जोर दिया जाएगा।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.

टिप्पणियाँ बंद हैं।