गौतमबुद्ध नगर पुलिस कमिश्नरेट का नया ठिकाना होगा सेक्टर-153

टेन न्यूज नेटवर्क

Gautam Buddha Nagar News (07/09/2026): नोएडा में गौतमबुद्ध नगर पुलिस कमिश्नरेट के स्थायी कार्यालय के निर्माण का रास्ता साफ हो गया है। नोएडा प्राधिकरण सेक्टर-153 में पुलिस विभाग को करीब 13,347.18 वर्गमीटर जमीन आवंटित करेगा। इस संबंध में प्रस्ताव प्राधिकरण की बोर्ड बैठक में रखा गया है। पुलिस आयुक्त कार्यालय के लिए सेक्टर-153 में ए-87 से ए-91 तक के पांच भूखंड चिन्हित किए गए हैं।

पहले इस जमीन के लिए नोएडा प्राधिकरण की ओर से पुलिस विभाग से करीब 127.37 करोड़ रुपये प्रीमियम और लगभग 47.76 करोड़ रुपये एकमुश्त भू-भाटक की मांग की गई थी। बाद में शासन के गृह विभाग के निर्देश के बाद आवंटन की शर्तों में बदलाव किया गया। अब पुलिस विभाग को जमीन के लिए कोई प्रीमियम या भू-भाटक नहीं देना होगा। जमीन केवल 1 रुपये सालाना लीज रेंट पर उपलब्ध कराई जाएगी।

वर्तमान में गौतमबुद्ध नगर पुलिस कमिश्नरेट का कार्यालय सेक्टर-108 स्थित चिल्ड्रेन ट्रैफिक पार्क में अस्थायी तौर पर चल रहा है। यह व्यवस्था स्थायी भवन तैयार होने तक की गई थी। सेक्टर-153 में नया कार्यालय बनने के बाद पुलिस विभाग को ट्रैफिक पार्क की जमीन नोएडा प्राधिकरण को वापस करनी होगी।

नोएडा प्राधिकरण इससे पहले भी पुलिस विभाग को इसी तरह रियायती दर पर जमीन उपलब्ध करा चुका है। सेक्टर-143 में पुलिस थाने के निर्माण के लिए करीब 4,000 वर्गमीटर जमीन 1 रुपये वार्षिक लीज रेंट पर दी जा चुकी है। अब कमिश्नरेट के स्थायी कार्यालय के लिए जमीन मिलने से पुलिस विभाग के लिए आधुनिक और स्थायी प्रशासनिक परिसर विकसित करने की प्रक्रिया आगे बढ़ सकेगी।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.

टिप्पणियाँ बंद हैं।