तेज गाना बजाने का विरोध करना पड़ा भारी, दो युवकों ने नाबालिगों से किया दुष्कर्म; एनकाउंटर में गिरफ्तार

टेन न्यूज नेटवर्क

Ghaziabad News (07/09/2026): गाजियाबाद के ट्रोनिका सिटी थाना क्षेत्र में नाबालिग लड़कियों से दुष्कर्म के मामले में फरार चल रहे दो आरोपियों को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है। रविवार देर रात ट्रोनिका सिटी-लोनी रोड पर पुलिस की आरोपियों से मुठभेड़ हुई। जवाबी कार्रवाई में दोनों के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।

पुलिस के अनुसार, आरोपी स्कूटी से जा रहे थे। चेकिंग के दौरान पुलिस टीम ने उन्हें रुकने का इशारा किया, लेकिन दोनों ने वाहन रोकने के बजाय पुलिसकर्मियों पर फायरिंग कर दी। पुलिसकर्मी बाल-बाल बच गए। पीछा करने के दौरान उनकी स्कूटी गिर गई, जिसके बाद दोनों पैदल भागने लगे। घेराबंदी कर पुलिस ने दोनों को गोली लगने के बाद पकड़ लिया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गुलजार पुत्र मुस्ताक और अहसान पुत्र कल्लू उर्फ नदीम के रूप में हुई है। दोनों सुधीर एंक्लेव, रामपार्क, ट्रोनिका सिटी के रहने वाले बताए गए हैं। पुलिस ने उनके कब्जे से दो तमंचे और एक स्कूटी बरामद की है। जांच में स्कूटी चोरी की सामने आई है। पूछताछ में आरोपियों के वाहन चोरी की घटनाओं में शामिल होने की बात भी सामने आई है।

पुलिस के मुताबिक, 2 सितंबर को दोनों आरोपी दो नाबालिग लड़कियों को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गए थे। आरोप है कि दोनों ने अलग-अलग किशोरियों के साथ दुष्कर्म किया। घटना की जानकारी लड़कियों ने परिजनों को दी, जिसके बाद ट्रोनिका सिटी थाने में मामला दर्ज किया गया था। केस दर्ज होने के बाद से पुलिस दोनों आरोपियों की तलाश में जुटी थी।

रविवार रात पुलिस को मुखबिर से दोनों के इलाके में होने की सूचना मिली थी। इसके बाद टीम ने ट्रोनिका सिटी-लोनी रोड पर चेकिंग शुरू की। पुलिस का कहना है कि आरोपियों ने गिरफ्तारी से बचने के लिए फायरिंग की, जिसके जवाब में कार्रवाई की गई। एसीपी लोनी रामकिशन के अनुसार, दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.

टिप्पणियाँ बंद हैं।