ग्रेटर नोएडा (15 फरवरी 2025): उत्तर प्रदेश बोर्ड की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षाएं 24 फरवरी से शुरू होने जा रही हैं, और इन परीक्षाओं के लिए छात्रों को प्रवेश पत्र वितरित किए जा रहे हैं। हालांकि, कुछ परीक्षार्थियों को अपने प्रवेश पत्र में गलतियां मिली हैं, जिन्हें सुधारने का एक आखिरी मौका मिलेगा।
जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. धर्मवीर सिंह ने बताया कि जिन छात्रों के प्रवेश पत्र में कोई भी गलती पाई जाती है, वे विभाग में प्रार्थना-पत्र जमा करके सुधार करवा सकते हैं। डॉ. सिंह ने विद्यार्थियों से अपील की है कि अगर किसी भी प्रकार की गड़बड़ी जैसे नाम, जेंडर या विषय में कोई गलती हो, तो वे बिना घबराए शीघ्र ही सुधार की प्रक्रिया शुरू कराएं।
परीक्षाएं शुरू होने से पहले सभी तैयारियां अंतिम चरण में हैं। परीक्षा केंद्रों का निर्धारण हो चुका है और परीक्षकों की ड्यूटी भी तय की जा चुकी है। इन सब के बीच, प्रवेश पत्र वितरण के दौरान कई छात्रों को गड़बड़ियां मिली हैं। कुछ उदाहरणों में, विषय का नाम गलत दर्ज किया गया है, तो वहीं कुछ के प्रवेश पत्र पर जेंडर गलत लिखा गया है, जिससे परीक्षा केंद्र में समस्या उत्पन्न हो रही है।
शुक्रवार को मोहियापुर के शहीद भगत सिंह इंटर कॉलेज की छात्रा संध्या सागर ने जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय में प्रार्थना पत्र देकर अपने प्रवेश पत्र में विषय की गलती सुधारने की मांग की। उन्होंने बताया कि उनके प्रवेश पत्र में इतिहास विषय दर्ज है, जबकि उनका सही विषय नागरिक शास्त्र है।
इसी तरह, माछरा स्थित संगत ग्रीन पब्लिक इंटर कॉलेज से भी शिकायत प्राप्त हुई है, जिसमें दो छात्रों का जेंडर ‘फीमेल’ लिखा गया था, जबकि वे छात्र हैं। इस गलती के कारण उनका परीक्षा केंद्र भी छात्राओं वाला निर्धारित किया गया था। कॉलेज के प्रधानाचार्य ने जेंडर सही करने की मांग करते हुए छात्रों के प्रवेश पत्र में सुधार की गुजारिश की।
सूत्रों के अनुसार, कुल मिलाकर लगभग 50 शिकायतें प्राप्त हुई हैं, जिनमें विद्यार्थियों के नाम, उम्र, और अन्य विवरणों में गलतियां पाई गई हैं। विभाग ने आश्वासन दिया है कि इन सभी गलतियों को शीघ्र सुधारने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। डॉ. धर्मवीर सिंह ने कहा कि परीक्षार्थियों को घबराने की जरूरत नहीं है, वे जल्द से जल्द प्रार्थना-पत्र जमा करें, ताकि संबंधित सुधार समय पर किया जा सके।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टिप्पणियाँ बंद हैं।