ग्रेटर नोएडा वेस्ट में मेंटेनेंस व्यवस्था पर फिर सवाल, छत का प्लास्टर गिरने से मासूम घायल
टेन न्यूज नेटवर्क
Greater Noida West News (05/09/2026): ग्रेटर नोएडा वेस्ट स्थित हाईराइज सोसायटियों में निर्माण की गुणवत्ता और मेंटेनेंस को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। ताजा मामला सुपरटेक इको विलेज-1 सोसायटी का है, जहां देर रात एक फ्लैट के कमरे की पूरी छत का प्लास्टर अचानक भरभराकर सीधे बेड पर आ गिरा। हादसे के वक्त बेड पर सो रहा एक मासूम बच्चा इसकी चपेट में आ गया, जिससे उसके हाथ और पैर में चोटें आई हैं। इस घटना के बाद से सोसायटी के लोगों में बिल्डर प्रबंधन और स्थानीय प्रशासन के खिलाफ भारी नाराजगी देखने को मिल रही है।
मिली जानकारी के अनुसार, यह हादसा बी-1 टावर स्थित फ्लैट संख्या 205 में मध्यरात्रि करीब 12:40 बजे हुआ। फ्लैट मालिक वरुण सिंह ने बताया कि पूरा परिवार रात में सो रहा था, तभी अचानक छत का एक बड़ा हिस्सा टूटकर गिर गया। तेज आवाज और बच्चे के चीखने पर परिजन दहशत में आ गए और आनन-फानन में कमरे से बाहर भागे। हालांकि बच्चे की किस्मत अच्छी थी कि प्लास्टर का मुख्य हिस्सा सीधे उसके ऊपर नहीं गिरा, वरना कोई बड़ी अनहोनी हो सकती थी।
सोसायटी के निवासियों का कहना है कि यह कोई पहली घटना नहीं है; इससे पहले भी कई टावरों में प्लास्टर गिरने और सीपेज की शिकायतें आ चुकी हैं। हर महीने मोटा मेंटेनेंस चार्ज वसूलने के बावजूद सुरक्षा मानकों की लगातार अनदेखी की जा रही है। निवासी संजय शर्मा ने आरोप लगाया कि बार-बार पत्राचार और शिकायतों के बाद भी बिल्डर प्रबंधन जर्जर हिस्सों का स्ट्रक्चरल ऑडिट या तकनीकी मरम्मत कराने से बच रहा है। वहीं, ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की रहस्यमयी खामोशी भी निवासियों की चिंता और गुस्से को बढ़ा रही है।
पीड़ित परिवार ने अब प्राधिकरण और प्रबंधन से तत्काल पूरे फ्लैट व टावर की तकनीकी जांच कराने और क्षतिग्रस्त हिस्से की पुख्ता मरम्मत करने की मांग की है। निवासियों का साफ तौर पर कहना है कि जब तक जिम्मेदार अधिकारी और बिल्डर इस लापरवाही पर कड़े कदम नहीं उठाएंगे, तब तक हजारों परिवारों की जिंदगी यूं ही खतरे के साए में बनी रहेगी।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
टिप्पणियाँ बंद हैं।