New Delhi News (04 September 2026): भारत मंडपम में 11 से 13 सितंबर 2026 तक होने वाले BRICS Summit को लेकर नई दिल्ली में तैयारियां तेज हो गई हैं। नई दिल्ली नगरपालिका परिषद (NDMC) ने सम्मेलन स्थल, VIP रूट, प्रमुख सड़कों, बाजारों और प्रतिनिधियों के ठहरने वाले होटल क्षेत्रों को स्वच्छ, हरित और आकर्षक बनाने के लिए व्यापक अभियान शुरू किया है। NDMC उपाध्यक्ष कुलजीत सिंह चहल के मुताबिक, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘विकसित भारत’ विजन के अनुरूप राजधानी को अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधियों के सामने आधुनिक और विश्वस्तरीय स्वरूप में पेश करने की तैयारी है। सभी प्रमुख सौंदर्यीकरण और सजावटी कार्यों को 9 सितंबर तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
BRICS Summit के दौरान नई दिल्ली के प्रमुख स्थानों पर विशेष रोशनी आकर्षण का केंद्र होगी। NDMC की ओर से 17 प्रमुख गोलचक्करों पर सजावटी विद्युत प्रकाश व्यवस्था की जा रही है, जिनमें पटेल चौक, विंडसर प्लेस, मंडी हाउस, तीन मूर्ति, क्यू-पॉइंट और पीएम गोलचक्कर समेत कई महत्वपूर्ण स्थान शामिल हैं। इसके अलावा ताज पैलेस, ITC मौर्या, अशोका होटल, ताज मानसिंह, क्लेरिजेज, शांगरी-ला और ले मेरिडियन समेत 11 प्रमुख होटल परिसरों को भी सजावटी रोशनी से सजाया जाएगा। 10 प्रमुख NDMC भवनों और स्थलों पर भी विशेष लाइटिंग की व्यवस्था की जा रही है।

सम्मेलन के मद्देनजर NDMC क्षेत्र में ब्रांडिंग और हरित सौंदर्यीकरण पर भी खास जोर दिया गया है। विदेश मंत्रालय के डिजाइन के अनुसार कुल 309 ब्रांडिंग साइट्स पर इंस्टॉलेशन पूरा किया जा चुका है, जिनमें 154 डिजिटल मीडिया स्क्रीन, 83 PTU/CTU फ्लेक्स साइट्स और 72 बस क्यू शेल्टर शामिल हैं। करीब 350 बिजली पैनल बॉक्स पर भी फ्लेक्स स्टिकर लगाकर उनका सौंदर्यीकरण किया गया है। 41 प्रमुख VIP और डेलीगेट मार्गों की निगरानी की जा रही है, जबकि 15 हजार से अधिक गमलों को प्रमुख सड़कों, चौराहों और महत्वपूर्ण स्थलों पर लगाया जा रहा है। पांच प्रमुख स्थानों पर धूल और प्रदूषण नियंत्रण के लिए मिस्ट स्प्रे की व्यवस्था भी की गई है।
बारिश और जलभराव से निपटने के लिए भी NDMC ने विशेष इंतजाम किए हैं। संभावित जलभराव वाले हॉटस्पॉट का सत्यापन और स्टॉर्म वाटर ड्रेनों की डी-सिल्टिंग पूरी किए जाने का दावा किया गया है। VIP मार्गों पर अतिरिक्त पंपिंग सेट लगाए गए हैं, जबकि बाबा खड़क सिंह मार्ग और मंदिर मार्ग पर अतिरिक्त पंपों और ड्रेनेज पाइप की व्यवस्था की गई है। साथ ही 5 से 14 सितंबर तक Integrated Command and Control Centre (ICCC) को 24×7 संचालित किया जाएगा और तीनों पालियों में वरिष्ठ अधिकारियों की तैनाती रहेगी। NDMC कंट्रोल रूम के जरिए नागरिक सुविधाओं और आपात स्थितियों की निगरानी की जाएगी।
स्वच्छता को लेकर भी विशेष अभियान चलाया जा रहा है। सम्मेलन स्थल और प्रमुख मार्गों पर 24×7 सफाई व्यवस्था, रात्रि पाली में विशेष सफाई, सात मैकेनिकल रोड स्वीपर्स और 10 प्रेशर जेटिंग मशीनों के जरिए डीप क्लीनिंग की जाएगी। प्रमुख सड़कों की डीप वॉशिंग के साथ सार्वजनिक शौचालयों की नियमित सफाई और रखरखाव पर भी निगरानी रहेगी। NDMC ने अतिक्रमण और अनधिकृत होर्डिंग्स के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है तथा बाजार संघों को दिशा-निर्देश दिए गए हैं। कुलजीत सिंह चहल का कहना है कि BRICS Summit के दौरान राजधानी में ‘विकसित भारत की विकसित नई दिल्ली’ की झलक दिखाई देगी और G20 Summit से मिले अनुभव का इस्तेमाल इस आयोजन की तैयारियों में किया जा रहा है।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
टिप्पणियाँ बंद हैं।