यूपी आउटसोर्स सेवा निगम का शुभारंभ, सीएम योगी ने किया लोगो, वेबसाइट और पोर्टल का अनावरण
टेन न्यूज नेटवर्क
Uttar Pradesh News (02/09/2026): उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को लखनऊ में उत्तर प्रदेश आउटसोर्स सेवा निगम (UPCOS) के लोगो का अनावरण किया। इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने निगम की वेबसाइट और पोर्टल का भी शुभारंभ किया। सरकार की इस पहल का उद्देश्य प्रदेश में कार्यरत आउटसोर्स कर्मचारियों के हितों की रक्षा करने के साथ उनके भविष्य को अधिक सुरक्षित और बेहतर बनाना है।
लखनऊ में आयोजित इस राज्यस्तरीय कार्यक्रम का सजीव प्रसारण ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के ऑडिटोरियम में किया गया। यहां बड़ी संख्या में आउटसोर्स कर्मचारियों और अधिकारियों ने कार्यक्रम को लाइव देखा और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के संबोधन एवं घोषणाओं को सुना।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में दादरी विधायक तेजपाल नागर मौजूद रहे। उनके साथ मुख्य विकास अधिकारी भाल चंद्र त्रिपाठी, प्रभारी जिला विकास अधिकारी एवं परियोजना निदेशक डीआरडीए नेहा सिंह, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी राहुल पवार, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी अरुण कुमार, जिला कार्यक्रम अधिकारी आशीष कुमार, उपायुक्त उद्योग पंकज निर्वाण समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी और आउटसोर्स कर्मचारी उपस्थित रहे।
आउटसोर्स कर्मचारियों के भविष्य को सुरक्षित करने की दिशा में कदम
लखनऊ कार्यक्रम के सजीव प्रसारण के बाद ग्रेटर नोएडा में आयोजित कार्यक्रम का औपचारिक शुभारंभ विधायक तेजपाल नागर ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस दौरान विधायक ने कहा कि उत्तर प्रदेश आउटसोर्स सेवा निगम का गठन आउटसोर्स कर्मचारियों के लिए ऐतिहासिक कदम है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने आउटसोर्स कार्मिकों के हितों को प्राथमिकता देते हुए उनके भविष्य को सुरक्षित, सशक्त और उज्ज्वल बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की है।
तेजपाल नागर ने कहा कि निगम के माध्यम से आउटसोर्स कर्मचारियों को उनके कौशल, योग्यता और कार्य के अनुरूप बेहतर मानदेय उपलब्ध कराने के साथ विभिन्न सुविधाओं का लाभ देने की दिशा में काम किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार की ओर से की गई घोषणाएं आउटसोर्स कर्मचारियों के लिए कल्याणकारी साबित होंगी और उन्हें रोजगार के क्षेत्र में अधिक सुरक्षा प्रदान करेंगी।

भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार बोर्ड के लाभार्थियों को प्रमाण-पत्र
कार्यक्रम के दौरान विधायक तेजपाल नागर ने उत्तर प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार बोर्ड से जुड़े लाभार्थियों को स्वीकृत सहायता राशि के प्रमाण-पत्र भी वितरित किए। अधिकारियों के अनुसार, स्वीकृत धनराशि डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के माध्यम से सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में भेजी जाएगी। इससे सरकारी सहायता का लाभ सीधे पात्र लोगों तक पहुंचाने और प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखने में मदद मिलेगी।
आउटसोर्स कर्मियों के हित में निगम को बताया अहम पहल
मुख्य विकास अधिकारी भाल चंद्र त्रिपाठी ने कार्यक्रम में विधायक तेजपाल नागर का आभार व्यक्त करते हुए आउटसोर्स कर्मचारियों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने आउटसोर्स कर्मचारियों की आवश्यकताओं और उनके भविष्य को ध्यान में रखते हुए उत्तर प्रदेश आउटसोर्स सेवा निगम का गठन किया है।
उन्होंने कहा कि निगम की स्थापना से आउटसोर्स कर्मचारियों के लिए बेहतर व्यवस्था विकसित होने की उम्मीद है। सरकार का यह कदम उनके रोजगार से जुड़े हितों को व्यवस्थित करने और भविष्य को सुरक्षित बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। कार्यक्रम के दौरान मौजूद कर्मचारियों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा शुरू की गई इस पहल को लेकर सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया। अधिकारियों ने भी निगम की नई व्यवस्था को प्रभावी तरीके से लागू करने और कर्मचारियों को इसका लाभ पहुंचाने पर जोर दिया।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
टिप्पणियाँ बंद हैं।