Noida News (02/09/2026): प्राइवेट लोन ऐप के जरिए लोगों की निजी जानकारी हासिल कर उन्हें ब्लैकमेल करने वाले गिरोह का नोएडा साइबर क्राइम पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने सेक्टर-141 से छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों पर वीडियो कॉल के दौरान लोगों की तस्वीरें हासिल करने, उन्हें एडिट कर अश्लील फोटो बनाने और फिर बदनाम करने की धमकी देकर पैसे वसूलने का आरोप है। पुलिस के मुताबिक गिरोह अब तक करीब 25 लाख रुपये की ठगी कर चुका है।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी पहले लोन ऐप इस्तेमाल करने वाले लोगों से संपर्क करते थे। वीडियो कॉल के दौरान उनकी तस्वीरें और अन्य निजी जानकारी हासिल करने के बाद फोटो को आपत्तिजनक रूप में तैयार किया जाता था। इसके बाद वही तस्वीरें पीड़ितों को भेजकर उन्हें रिश्तेदारों और परिचितों के बीच बदनाम करने की धमकी दी जाती थी। डर का माहौल बनाकर आरोपियों की ओर से लगातार पैसों की मांग की जाती थी।
ठगी की रकम आरोपियों ने यूपीआई, क्यूआर कोड और अलग-अलग बैंक खातों के जरिए मंगाई। पुलिस के अनुसार कुछ बैंक खाते ऐसे लोगों के नाम पर थे, जिनका इस्तेमाल ठगी की रकम को आगे भेजने के लिए किया जा रहा था। इन खातों को पुलिस ने म्युल अकाउंट बताया है। गिरफ्तार आरोपियों के मोबाइल फोन से WhatsApp, Telegram और Binance जैसे ऐप भी मिले हैं। जांच में USDT के जरिए क्रिप्टो लेनदेन से जुड़े डिजिटल साक्ष्य भी सामने आए हैं।
पुलिस के मुताबिक राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर इस गिरोह से जुड़ी पांच शिकायतें सामने आई हैं। इनमें उत्तर प्रदेश, पंजाब और गुजरात से एक-एक तथा महाराष्ट्र से दो शिकायतें शामिल हैं। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान निशान्त कुमार, अनीस अली, आदित्य कुमार, पंकज कुमार, निक्की शर्मा और शिवा शर्मा के रूप में हुई है। इनकी उम्र करीब 18 से 28 वर्ष के बीच बताई गई है। आरोपियों के पास से सात मोबाइल फोन, चार एटीएम/डेबिट कार्ड, दो पासबुक, दो ड्राइविंग लाइसेंस, दो पर्स और 810 रुपये बरामद किए गए हैं।
साइबर पुलिस अब गिरोह से जुड़े अन्य लोगों, बैंक खातों और डिजिटल लेनदेन की कड़ियों की जांच कर रही है। पुलिस ने लोगों से अनजान और अनधिकृत लोन ऐप डाउनलोड करने से बचने की अपील की है। साथ ही किसी भी व्यक्ति के साथ निजी फोटो, वीडियो, ओटीपी, यूपीआई पिन या बैंक संबंधी जानकारी साझा नहीं करने की सलाह दी गई है। साइबर ठगी होने पर तत्काल 1930 पर शिकायत करने या राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराने को कहा गया है।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
टिप्पणियाँ बंद हैं।