नोएडा पुलिस ने लौटाई खुशियां, 101 गुम मोबाइल बरामद कर मालिकों को सौंपे
Noida News (02/09/2026): नोएडा सेंट्रल जोन पुलिस ने ‘मिशन सहयोग’ के तहत बड़ी पहल करते हुए लोगों के गुम हुए 101 स्मार्टफोन बरामद कर उनके वास्तविक मालिकों को सौंप दिए। अलग-अलग कंपनियों के इन मोबाइल फोन को सर्विलांस सेल ने तकनीकी निगरानी और CEIR पोर्टल की मदद से ट्रेस किया। लंबे समय बाद अपना मोबाइल वापस मिलने पर लोगों के चेहरे पर खुशी साफ नजर आई।
यह कार्रवाई पुलिस उपायुक्त, नोएडा के निर्देशन में सर्विलांस सेल सेंट्रल नोएडा, पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्ध नगर द्वारा की गई। 2 सितंबर 2026 को ‘मिशन सहयोग’ के तहत बरामद किए गए मोबाइल फोन उनके स्वामियों को सुपुर्द किए गए।
भीड़भाड़ वाले बाजारों से लेकर ऑटो और मेट्रो तक में गुम हुए मोबाइल
पुलिस के मुताबिक, लोगों के मोबाइल फोन अलग-अलग परिस्थितियों में गुम हुए थे। कई लोगों के मोबाइल भीड़भाड़ वाले बाजारों, सब्जी-फल मंडियों और साप्ताहिक बाजारों में खरीदारी के दौरान नीचे झुकने, बैठने या धक्का-मुक्की के बीच गिर गए थे।
वहीं, कई लोग यात्रा के दौरान ऑटो, टैक्सी, बस और मेट्रो ट्रेन में अपना मोबाइल भूल गए थे। कुछ मोबाइल बाइक चलाते समय ढीले-ढाले लोअर या पायजामे की जेब से ब्रेकर आने पर गिर गए। पुलिस के अनुसार, कुछ मोबाइल ई-रिक्शा में यात्रा के दौरान छूट गए, जबकि कुछ खुले स्थानों पर काम करने वाले कारीगरों द्वारा काम खत्म करने के बाद मौके पर ही भूल गए थे।

पार्क, शादी समारोह और धार्मिक स्थलों से भी गुम हुए मोबाइल
बरामद किए गए मोबाइल में ऐसे फोन भी शामिल हैं, जो लोगों से सार्वजनिक पार्कों में खेलने या व्यायाम करने के दौरान छूट गए थे। इसके अलावा कुछ मोबाइल शादी समारोहों में बारात चढ़त के दौरान नाचते समय गिर गए या कार्यक्रम समाप्त होने के बाद बारात घरों में छूट गए।
डीसीपी सेंट्रल नोएडा शैलेंद्र कुमार सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि कुछ लोगों के मोबाइल नशे की हालत में गिरने या कहीं छूट जाने के कारण गुम हुए थे। वहीं, बड़े कार्यक्रमों में अत्यधिक भीड़ के कारण भी कई लोगों के मोबाइल खो गए थे।
आगे डीसीपी ने बताया कि धार्मिक स्थलों की बात करें तो कुछ मोबाइल मंदिर, मस्जिद, चर्च और गुरुद्वारों में भी छूट गए थे। इसके अलावा बच्चों द्वारा गेम खेलते समय मोबाइल कहीं रखकर भूल जाने के मामले भी सामने आए, जिन्हें पुलिस ने ट्रेस कर बरामद किया।

CEIR पोर्टल और सर्विलांस की मदद से हुई बरामदगी
मोबाइल गुम होने के बाद नोएडा सेंट्रल जोन के अलग-अलग थानों में शिकायतें दर्ज कराई गई थीं। पुलिस ने इन शिकायतों पर कार्रवाई करते हुए सर्विलांस और CEIR पोर्टल की मदद से मोबाइल फोन को ट्रेस किया और उन्हें बरामद कर उनके वास्तविक मालिकों तक पहुंचाया।
मोबाइल वापस मिलने के बाद लोगों ने पुलिस का आभार जताया। कई लोगों के लिए मोबाइल सिर्फ एक महंगा उपकरण नहीं, बल्कि उसमें मौजूद जरूरी दस्तावेज, फोटो, संपर्क नंबर और निजी डेटा के कारण बेहद महत्वपूर्ण था। ऐसे में फोन वापस मिलने से लोगों को बड़ी राहत मिली।

इन पुलिसकर्मियों की रही अहम भूमिका
गुम हुए मोबाइल फोन को ट्रेस करने और बरामद करने वाली टीम में शामिल रहे—
1. म0उ0नि0 पिंकी कादियान, सर्विलांस सेल सेंट्रल नोएडा
2. म0का0 568 पूनम, सर्विलांस सेल सेंट्रल नोएडा
3. का0 744 वरुण, सर्विलांस सेल सेंट्रल नोएडा
पुलिस के मुताबिक, बरामद किए गए 101 स्मार्टफोन अलग-अलग कंपनियों के हैं, जिन्हें उनके स्वामियों को सुपुर्द कर दिया गया है। मोबाइल वापस मिलने के बाद लोगों ने खुशी जाहिर करते हुए नोएडा पुलिस की इस पहल की सराहना की।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
टिप्पणियाँ बंद हैं।