EV India Expo 2026 का आगाज, पहले दिन हुए कारोबारी समझौते; 10 हजार से ज्यादा विजिटर्स पहुंचने की उम्मीद

टेन न्यूज नेटवर्क

Greater Noida News (02/09/2026): इलेक्ट्रिक मोबिलिटी और नई ऊर्जा तकनीकों को बढ़ावा देने वाले छठे EV India Expo 2026 का मंगलवार को ग्रेटर नोएडा स्थित इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में शुभारंभ हुआ। तीन दिवसीय यह एक्सपो 1 से 3 सितंबर तक आयोजित किया जा रहा है, जिसमें इलेक्ट्रिक वाहनों से लेकर बैटरी, चार्जिंग सिस्टम, ईवी कंपोनेंट्स और अत्याधुनिक तकनीकों को प्रदर्शित किया जा रहा है।

इंडियन एग्जिबिशन सर्विसेज और ग्रीन सोसाइटी ऑफ इंडिया की ओर से आयोजित इस एक्सपो में देश के विभिन्न हिस्सों के साथ विदेशी बाजारों से जुड़े कारोबारी और उद्योग प्रतिनिधि भी हिस्सा ले रहे हैं। आयोजकों को तीन दिनों के दौरान 10 हजार से अधिक आगंतुकों के पहुंचने की उम्मीद है।

उद्योग जगत के प्रतिनिधियों ने किया एक्सपो का उद्घाटन

EV India Expo 2026 का उद्घाटन इंडियन एग्जिबिशन सर्विसेज के सीईओ डॉ. स्वदेश कुमार, डॉ. राजीव मिश्रा और डॉ. शैलेंद्र सेहरोज ने उद्योग जगत के प्रतिनिधियों की मौजूदगी में किया।

EV India Expo 2026

उद्घाटन समारोह में सनडक सोलर सॉल्यूशंस प्राइवेट लिमिटेड के निदेशक सोम प्रकाश मिड्ढा, लॉर्ड्स मार्क टेक नेक्स्ट प्राइवेट लिमिटेड के निदेशक रमेश कुमार मिगलानी, फ्यूचर टेक राइड्स प्राइवेट लिमिटेड (डैकस) के निदेशक हर्षित गर्ग, ई गरुड़ा इलेक्ट्रिक मोबिलिटी प्राइवेट लिमिटेड के निदेशक मनीष तनेजा और मैक्सिम ई व्हीकल्स के निदेशक अतुल चाचन समेत कई प्रमुख उद्योग प्रतिनिधि शामिल हुए।

इसके अलावा ड्राइव वोल्ट्स प्राइवेट लिमिटेड एवं रे इलेक्ट्रिक के एमडी और संस्थापक देवांश गुप्ता, एलेस्को के एमडी रौनक जुनेजा, हेराल्ड ई-बाइक से कृष्णा ग्रोवर तथा ग्रीव्स इलेक्ट्रिक मोबिलिटी से लोकेश और शौर्य कटारिया ने भी उद्घाटन कार्यक्रम में हिस्सा लिया।

एक्सपो में इलेक्ट्रिक मोबिलिटी की पूरी वैल्यू चेन पर फोकस

प्रदर्शनी में इलेक्ट्रिक मोबिलिटी से जुड़े विभिन्न क्षेत्रों को एक ही मंच पर लाया गया है। यहां आगंतुकों को इलेक्ट्रिक वाहन, बैटरी टेक्नोलॉजी, चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर, ईवी पार्ट्स और अन्य तकनीकी समाधान देखने का अवसर मिल रहा है। आयोजकों के मुताबिक, एक्सपो कारोबारियों को कंपनियों के प्रतिनिधियों से सीधे बातचीत करने, नए उत्पादों को समझने और संभावित कारोबारी साझेदारी तलाशने का अवसर उपलब्ध करा रहा है।

पहले दिन कंपनियों के बीच हुए MoU

एक्सपो के पहले दिन कारोबार विस्तार और आपसी सहयोग को लेकर विभिन्न कंपनियों के बीच समझौता ज्ञापनों (MoU) पर हस्ताक्षर किए गए। इसके साथ ही कारोबारी बैठकों में नई साझेदारियों, बाजार विस्तार और भविष्य के व्यावसायिक अवसरों को लेकर चर्चा हुई। आयोजकों का मानना है कि इस तरह की कारोबारी गतिविधियां ईवी क्षेत्र की कंपनियों को नए बाजारों और संभावित ग्राहकों तक पहुंच बनाने में मदद कर सकती हैं।

EV India Expo 2026

‘इलेक्ट्रिक वाहन—परिवहन का भविष्य’ पर राष्ट्रीय सेमिनार

एक्सपो के दौरान “Electric Vehicle—The Future of Transport” यानी “इलेक्ट्रिक वाहन—परिवहन का भविष्य” विषय पर राष्ट्रीय सेमिनार का आयोजन किया गया। इस सम्मेलन के सह-आयोजक फेडरेशन ऑफ इलेक्ट्रिक व्हीकल एसोसिएशन (i-FEVA) रहे। सेमिनार में विशेषज्ञों और उद्योग प्रतिनिधियों ने देश में इलेक्ट्रिक वाहनों के बढ़ते इस्तेमाल, ईवी इंडस्ट्री के सामने मौजूद चुनौतियों और आने वाले वर्षों में क्षेत्र की संभावनाओं पर विचार साझा किए।

EV India Expo 2026 की डायरेक्टरी लॉन्च

कार्यक्रम के दौरान EV India Expo 2026 की आधिकारिक एक्सपो डायरेक्टरी का भी विमोचन किया गया। डायरेक्टरी में प्रदर्शनी में भाग ले रही कंपनियों के साथ उनके उत्पादों और सेवाओं से संबंधित जानकारी शामिल की गई है। इससे कारोबारी आगंतुकों को प्रदर्शकों और उनके समाधान की जानकारी हासिल करने में सुविधा मिलेगी।

डॉ. स्वदेश कुमार ने उद्योग को एक मंच देने की बताई पहल

इंडियन एग्जिबिशन सर्विसेज के सीईओ डॉ. स्वदेश कुमार ने कहा कि EV India Expo का प्रमुख उद्देश्य इलेक्ट्रिक वाहन क्षेत्र से जुड़े निर्माताओं, कंपनियों और कारोबारियों को एक साझा मंच उपलब्ध कराना है। उनके अनुसार, एक्सपो कंपनियों को अपने उत्पाद प्रदर्शित करने, संभावित ग्राहकों से जुड़ने और कारोबार के नए रास्ते तलाशने का अवसर देता है।उन्होंने पहले दिन हुए कारोबारी समझौतों को आयोजन के लिए सकारात्मक शुरुआत बताते हुए उम्मीद जताई कि एक्सपो इलेक्ट्रिक वाहन उद्योग के विकास और विस्तार में योगदान देगा।

3 सितंबर तक चलेगा EV India Expo 2026

ग्रेटर नोएडा के इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में चल रहा EV India Expo 2026 तीन सितंबर तक जारी रहेगा। आयोजकों के अनुसार, व्यावसायिक आगंतुकों के लिए प्रवेश निःशुल्क रखा गया है। एक्सपो में शामिल होने के इच्छुक लोग ऑनलाइन पंजीकरण और आयोजन से जुड़ी विस्तृत जानकारी आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से प्राप्त कर सकते हैं।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.

टिप्पणियाँ बंद हैं।