जेवर में छात्र का ऑटो में छूटा बैग पुलिस ने लौटाया

टेन न्यूज नेटवर्क

Greater Noida News (02/09/2026): ग्रेटर नोएडा के दनकौर में ऑटो में छूटे एक छात्र के बैग को पुलिस ने ऑनलाइन भुगतान के जरिए ऑटो चालक तक पहुंचकर बरामद कर लिया। बैग मिलने के बाद पुलिस ने उसे छात्र के सुपुर्द कर दिया।

बिहार के मधुबनी-दरभंगा निवासी और गलगोटिया यूनिवर्सिटी के छात्र शेख मोहम्मद सरफराज रविवार को दिल्ली से यूनिवर्सिटी पहुंचे थे। वहां पहुंचने के बाद उन्हें एहसास हुआ कि उनका बैग ऑटो में ही छूट गया है। बैग में आईपैड, मोबाइल फोन, कॉलेज और स्कूल से जुड़े जरूरी दस्तावेज, कपड़े समेत कई सामान थे।

छात्र ने मामले की शिकायत दनकौर कोतवाली पुलिस से की। साइबर हेल्प डेस्क की टीम ने जांच शुरू करते हुए ऑटो चालक की जानकारी जुटाई। छात्र ने पुलिस को बताया कि ऑटो का किराया उसने ऑनलाइन माध्यम से चुकाया था। इसी भुगतान की जानकारी पुलिस के लिए ऑटो चालक तक पहुंचने में अहम कड़ी बनी।

पुलिस ने भुगतान से जुड़े विवरण की जांच कर एनपीसीआई और संबंधित बैंक से जरूरी जानकारी हासिल की। इसके आधार पर ऑटो चालक की पहचान कर उससे संपर्क किया गया। पुलिस की कार्रवाई के बाद बैग और उसमें रखा सामान सुरक्षित बरामद कर लिया गया।

सोमवार शाम करीब 6 बजे पुलिस ने छात्र को उसका पूरा सामान वापस सौंप दिया। बैग मिलने पर छात्र ने पुलिस टीम का धन्यवाद किया। मामले में साइबर तकनीक और डिजिटल भुगतान की जानकारी का इस्तेमाल पुलिस के लिए सामान तक पहुंचने में काफी मददगार साबित हुआ।



प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.

टिप्पणियाँ बंद हैं।