अरविंद केजरीवाल का बीजेपी पर गंभीर आरोप, कहा- दिल्ली में गुपचुप तरीके से वोट कटवाने की कोशिश
टेन न्यूज नेटवर्क
नई दिल्ली (06 दिसंबर 2024): आम आदमी पार्टी (AAP) के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने आज एक प्रेस कांफ्रेंस में भारतीय जनता पार्टी (BJP) पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने दावा किया कि बीजेपी दिल्ली में गुपचुप तरीके से वोट कटवाने की साजिश कर रही है और इसके लिए चुनाव आयोग में आवेदन भी दिए गए हैं। केजरीवाल ने यह भी कहा कि उनके पास इस संबंध में दस्तावेज़ मौजूद हैं, जो बीजेपी की नापाक योजनाओं को उजागर करते हैं।
केजरीवाल ने प्रेस कांफ्रेंस की शुरुआत करते हुए कहा, “आज जो दस्तावेज़ मैं आपको दिखाने जा रहा हूँ, वह देखकर आपके रोंगटे खड़े हो जाएंगे। बीजेपी दिल्ली विधानसभा चुनाव में बड़े पैमाने पर वोट कटवाने की साजिश रच रही है। चुनाव आयोग में इस मुद्दे पर आवेदन दिए गए हैं और इस पर गुपचुप तरीके से काम हो रहा है।”
शाहदरा विधानसभा में 11,018 वोटों पर हमला
केजरीवाल ने शाहदरा विधानसभा क्षेत्र का उदाहरण देते हुए कहा कि यहाँ बीजेपी ने 11,018 वोटों को हटाने के लिए आवेदन दिए हैं। उन्होंने दावा किया कि बीजेपी ने इन वोटों को कटवाने के लिए अपनी पार्टी के लेटरहेड पर आवेदन किए हैं, जिन पर बीजेपी के पदाधिकारियों के हस्ताक्षर हैं।
केजरीवाल ने आगे कहा कि इन 11,018 वोटरों में से 500 वोटरों को लेकर उनकी पार्टी ने जांच की, तो यह पाया गया कि इनमें से 372 लोग अभी भी वहीं रह रहे हैं, जबकि बीजेपी ने दावा किया था कि ये लोग या तो शिफ्ट हो गए हैं या मर चुके हैं। केजरीवाल के मुताबिक, इनमें से 75 प्रतिशत लोग अभी भी शाहदरा में रह रहे हैं और ज्यादातर लोग आम आदमी पार्टी (AAP) के कार्यकर्ता हैं।
एक विधानसभा से 6 प्रतिशत वोट कटवाने की कोशिश
केजरीवाल ने आरोप लगाया कि बीजेपी की यह साजिश शाहदरा विधानसभा से करीब 6 प्रतिशत वोट कटवाने की है। उन्होंने कहा कि यह एक बड़ी साजिश है, जिसका उद्देश्य आम आदमी पार्टी के वोट को कम करना है।
इस दौरान केजरीवाल ने कांग्रेस और बीजेपी दोनों पर निशाना साधते हुए कहा कि ये दोनों पार्टियां मिलकर दिल्ली के विकास को रोकने के लिए हर तरह की साजिशें रच रही हैं।
केजरीवाल ने अंत में यह भी कहा कि उनकी पार्टी इस मामले को लेकर चुनाव आयोग और अन्य अधिकारियों से संपर्क करेगी, ताकि दिल्ली में लोकतांत्रिक प्रक्रिया को प्रभावित करने की कोशिशों को रोका जा सके।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में अरविंद केजरीवाल के साथ दिल्ली के पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया, राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा और नवागत सदस्य जितेंद्र सिंह शंटी मौजूद रहे।।
टिप्पणियाँ बंद हैं।