बीटा-1 और बीटा-2 में आवारा कुत्तों का आतंक, मॉर्निंग वॉक पर निकली महिला घायल

टेन न्यूज नेटवर्क

Greater Noida News (01/09/2026): ग्रेटर नोएडा के बीटा-1 और बीटा-2 सेक्टरों में आवारा कुत्तों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। हालात इस कदर चिंताजनक हो गए हैं कि सुबह पार्कों में टहलने और घर से बाहर निकलने वाले लोगों में भी डर का माहौल बना हुआ है। खासकर बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों को आवारा कुत्तों के झुंड से खतरा बना हुआ है। स्थानीय लोगों के अनुसार, बीटा-1 में मॉर्निंग वॉक के लिए निकली एक महिला पर आवारा कुत्तों के झुंड ने पीछे से हमला कर दिया। इस हमले में महिला के घुटने में गंभीर चोट आई। घटना के बाद आसपास के लोगों में भी भय का माहौल देखने को मिला।

बीटा-2 में भी लोगों पर हमले की कोशिश

इसी तरह बीटा-2 सेक्टर में भी आवारा कुत्तों के झुंड द्वारा पार्क में टहल रहे लोगों को घेरने और उन पर हमला करने की कोशिश किए जाने की शिकायत सामने आई है। लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं ने स्थानीय निवासियों की चिंता बढ़ा दी है।

स्थिति का जायजा लेने मौके पर पहुंचे RWA महासचिव हरेंद्र भाटी ने बताया कि दोनों सेक्टरों में आवारा कुत्तों की संख्या बढ़ने के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि पार्क और आसपास के इलाकों में सुबह-शाम बड़ी संख्या में लोग टहलने के लिए निकलते हैं, लेकिन कुत्तों के झुंड के कारण अब लोगों में असुरक्षा की भावना पैदा हो रही है।

लाठी लेकर निकलने को मजबूर लोग

स्थानीय निवासियों का कहना है कि आवारा कुत्तों के डर से कई लोग लाठी लेकर मॉर्निंग वॉक के लिए निकलने को मजबूर हैं। बच्चों और बुजुर्गों को अकेले पार्क भेजने में भी परिवार के लोग डर रहे हैं। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते इस समस्या का समाधान नहीं किया गया तो किसी बड़ी दुर्घटना की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता।

प्राधिकरण से तत्काल कार्रवाई की मांग

सेक्टरवासियों और RWA ने संबंधित प्राधिकरण से मांग की है कि बीटा-1 और बीटा-2 में विशेष अभियान चलाकर आवारा कुत्तों की समस्या का समाधान किया जाए। लोगों ने क्षेत्र में टीम भेजकर स्थिति का निरीक्षण करने और नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई किए जाने की मांग की है, ताकि पार्कों और सार्वजनिक स्थानों पर लोगों की आवाजाही सुरक्षित हो सके। स्थानीय लोगों का कहना है कि पार्कों में सुबह की सैर लोगों की दिनचर्या का हिस्सा है, लेकिन आवारा कुत्तों के बढ़ते आतंक ने इस सामान्य गतिविधि को भी जोखिम भरा बना दिया है। ऐसे में अब सेक्टरवासी प्राधिकरण की त्वरित कार्रवाई का इंतजार कर रहे हैं।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.

टिप्पणियाँ बंद हैं।