मुनाफे का लालच और बैंक कॉल का डर, साइबर ठगों ने ठगे 67 लाख रुपये

टेन न्यूज नेटवर्क

Noida News (31/08/2026): साइबर अपराधियों ने अलग-अलग तरीकों से एक कारोबारी और एक महिला को निशाना बनाकर कुल 67.25 लाख रुपये की ठगी कर ली। दादरी के कारोबारी से शेयर बाजार में निवेश के नाम पर करीब 48.70 लाख रुपये ट्रांसफर कराए गए, जबकि ग्रेटर नोएडा वेस्ट की महिला के खाते से एफडी तोड़कर करीब 18.55 लाख रुपये निकाल लिए गए। दोनों मामलों में साइबर क्राइम पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

शेयर बाजार में भारी मुनाफे का झांसा: दादरी निवासी संतोष सिंह पैकिंग सामग्री बनाने का कारोबार करते हैं। उनके मोबाइल पर शेयर बाजार में निवेश से अच्छा रिटर्न मिलने का दावा करने वाले वाट्सऐप संदेश भेजे गए थे। इसके बाद आरोपियों ने उन्हें एक ग्रुप में जोड़कर एक वेबसाइट के जरिए निवेश करने के लिए राजी किया। ठगों के भरोसे में आकर संतोष ने 6 से 23 जुलाई के बीच अलग-अलग बैंक खातों में कई बार रकम भेजी। आरटीजीएस समेत अन्य माध्यमों से किए गए इन लेनदेन के जरिए कुल 48,70,136 रुपये संदिग्ध खातों में पहुंच गए।

मुनाफा नहीं मिला तो हुआ ठगी का अहसास: कारोबारी ने जब काफी रकम निवेश कर दी, इसके बावजूद उन्हें बताए गए अनुसार लाभ नहीं मिला। लगातार टालमटोल होने पर उन्हें पूरे मामले में धोखाधड़ी की आशंका हुई। इसके बाद उन्होंने साइबर क्राइम थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस अब रकम जिन बैंक खातों में भेजी गई, उनकी जानकारी जुटाकर आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।

बैंक अधिकारी बनकर महिला को बनाया शिकार: दूसरे मामले में ग्रेटर नोएडा वेस्ट निवासी 58 वर्षीय स्वप्ना बाग को ठगों ने बैंक प्रतिनिधि बनकर फोन किया। 27 जुलाई की शाम करीब साढ़े छह बजे आए फोन में खाते में संदिग्ध गतिविधि होने की बात कही गई। बातचीत के दौरान ठगों ने महिला के बैंक खाते से कई लेनदेन कर दिए। उनकी एफडी तोड़कर रकम निकाली गई, साथ ही तनिष्क के गिफ्ट वाउचर खरीदे गए और प्वाइंट ऑफ सेल तथा वर्चुअल डेबिट कार्ड के माध्यम से भी लेनदेन किया गया। कुल 18,55,867 रुपये खाते से निकल गए। जानकारी मिलने पर महिला ने बैंक को सूचना देकर खाता सुरक्षित कराया। पुलिस दोनों मामलों में लेनदेन और संदिग्ध खातों की जांच कर रही है।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.

टिप्पणियाँ बंद हैं।