सफाई कर्मियों का सरकार को अल्टीमेटम, मांगें नहीं मानीं तो 3 सितंबर से नहीं करेंगे काम
टेन न्यूज नेटवर्क
Noida News (31/08/2026): स्वच्छता कर्मचारी वेलफेयर एसोसिएशन और कंसलटेंट एंप्लाइज वेलफेयर एसोसिएशन (सेवा) ने अपनी मांगों को लेकर आंदोलन की चेतावनी दी है। एसोसिएशन ने कहा है कि मांगें पूरी नहीं होने पर तीन सितंबर से प्रदेशभर में स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण से जुड़े कार्यों का बहिष्कार किया जाएगा।
एसोसिएशन के अनुसार, करीब चार हजार आउटसोर्स कर्मचारी लंबे समय से मिशन के तहत जिम्मेदारियां संभाल रहे हैं। कर्मचारियों का आरोप है कि पिछले 11 वर्षों से उनके मानदेय में कोई बढ़ोतरी नहीं हुई है। बढ़ती महंगाई और काम के बढ़ते दबाव के बीच मौजूदा मानदेय में परिवार चलाना मुश्किल हो रहा है।
कर्मचारियों ने राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के कर्मचारियों के समान मानदेय तय करने की मांग की है। इसके साथ ही मानदेय में वृद्धि, समय पर भुगतान और काम के दौरान आकस्मिक मृत्यु या दुर्घटना की स्थिति में सुरक्षा व्यवस्था उपलब्ध कराने की मांग भी उठाई गई है। महिला कर्मचारियों के लिए मातृत्व लाभ देने की मांग भी इसमें शामिल है।
एसोसिएशन का कहना है कि कई बार संबंधित अधिकारियों और विभाग के समक्ष समस्याएं रखी गईं, लेकिन अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई। संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि तीन सितंबर तक मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो कर्मचारी काम से सामूहिक रूप से अलग हो जाएंगे।
इसके बाद भी समाधान नहीं होने पर 10 सितंबर से अनिश्चितकालीन धरना शुरू करने की घोषणा की गई है। एसोसिएशन ने प्रदेश सरकार और पंचायती राज विभाग से कर्मचारियों की समस्याओं का जल्द समाधान कर आंदोलन की स्थिति टालने की अपील की है।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
टिप्पणियाँ बंद हैं।