पूर्वांचल सिल्वर सिटी-2 में ‘मन की बात’ का सीधा प्रसारण, सांसद सुरेंद्र नागर रहे मौजूद
टेन न्यूज नेटवर्क
Greater Noida News (30/08/2026): ग्रेटर नोएडा की पूर्वांचल सिल्वर सिटी-2 सोसाइटी में रविवार को रेसिडेंट्स वेलफेयर एसोसिएशन (RWA) की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 137वें एपिसोड का सीधा प्रसारण किया गया। कार्यक्रम सोसाइटी के क्लब हाउस में सुबह 10:30 बजे से 11:30 बजे तक आयोजित हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में सोसाइटी के निवासियों ने सपरिवार हिस्सा लिया।
कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद सुरेंद्र सिंह नागर की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम के समापन पर ब्लॉक प्रमुख बिजेंद्र, RWA अध्यक्ष आलोक साध और अन्य बोर्ड सदस्यों ने सांसद का पुष्पगुच्छ एवं स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मान किया।
‘मन की बात’ में इन मुद्दों पर रहा जोर
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने संबोधन में नशामुक्ति, देशभक्ति, स्वच्छता, महिला सशक्तीकरण और स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने समेत कई महत्वपूर्ण विषयों पर बात की। इस दौरान सांसद सुरेंद्र सिंह नागर ने भी इन संदेशों के महत्व पर जोर दिया।
नशामुक्त युवा–विकसित भारत अभियान: प्रधानमंत्री ने युवाओं से नशे के खिलाफ जागरूकता फैलाने के लिए नए नारे, गीत और नाटक तैयार करने की अपील की। उन्होंने कहा कि नशे की लत केवल व्यक्ति को नहीं, बल्कि पूरे परिवार और समाज को प्रभावित करती है। युवाओं से #NashaMuktYuva के जरिए अपनी रचनात्मक पहल साझा करने का आह्वान किया गया।
अगस्त में देशभक्ति के रंग: प्रधानमंत्री ने राष्ट्रीय हथकरघा दिवस, भारत छोड़ो आंदोलन की वर्षगांठ, विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस, ‘हर घर तिरंगा’ अभियान और वंदे मातरम् के 150 वर्ष पूरे होने जैसे अवसरों का उल्लेख किया।

मिशन शक्तिसैट: कार्यक्रम में छात्राओं को सैटेलाइट और अंतरिक्ष तकनीक से जोड़ने वाली पहल का भी जिक्र किया गया। इसके तहत 108 देशों की करीब 12,000 छात्राओं को सैटेलाइट तकनीक सीखने का अवसर मिलने की बात कही गई।
स्वच्छता और जनभागीदारी: उत्तर प्रदेश के युवाओं की ओर से चलाए गए ‘क्लीन-अप पटवाई’ अभियान और अमरनाथ यात्रा के दौरान कचरा प्रबंधन जैसे प्रयासों की सराहना की गई। इसके अलावा भारतीय इतिहास को रोचक तरीके से प्रस्तुत करने वाली वेबसाइट, किसानों द्वारा एवोकाडो की खेती, अभिनेता उत्तम कुमार की जन्म शताब्दी और ‘वोकल फॉर लोकल’ जैसे विषय भी चर्चा में रहे।
RWA अध्यक्ष आलोक साध ने कहा कि सोसाइटी के निवासियों की उत्साहपूर्ण भागीदारी देखकर उन्हें खुशी हुई। उन्होंने कहा कि राज्यसभा सांसद की उपस्थिति और प्रधानमंत्री के प्रेरणादायक संदेश से कार्यक्रम में शामिल लोगों को लाभ मिला। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी सोसाइटी में ऐसे जनहितकारी कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहेंगे।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
टिप्पणियाँ बंद हैं।