श्री रामलीला कमेटी ग्रेटर नोएडा की रामलीला में कैकेयी के दो वरदानों से श्रीराम को 14 वर्ष का वनवास, भावुक हुए दर्शक

टेन न्यूज नेटवर्क

(ग्रेटर नोएडा, 16 अक्टूबर,2026) श्री रामलीला कमेटी ग्रेटर नोएडा की ओर से साइट-4 में आयोजित विजय महोत्सव रामलीला में गुरुवार को भगवान श्रीराम के राजतिलक की घोषणा से लेकर कैकेयी के दो वरदान मांगने, श्रीराम के वनवास और भरत के उन्हें वापस लाने के लिए वन जाने तक की लीलाओं का भावपूर्ण मंचन किया गया। कलाकारों के सशक्त अभिनय ने दर्शकों को भावुक कर दिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ गणेश वंदना के साथ हुआ। उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री कपिल देव अग्रवाल और दादरी विधायक तेजपाल नागर ने भगवान श्रीराम को माल्यार्पण किया। इसके बाद विशिष्ट अतिथि पूर्व विधायक सतवीर गुर्जर, डीसीपी डॉ. प्रवीण रंजन, श्रीमती कुशल सिंह, रविंद्र तोंगर, पूर्व डीएसपी रमनपाल, प्रायोजक मोनू गुप्ता, पवन गोयल पीडी, ओमप्रकाश अग्रवाल और गुरुचरण सिंह सहित अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने भगवान श्रीराम के चित्र पर माल्यार्पण कर कार्यक्रम में सहभागिता की। अतिथियों ने कमेटी की ओर से की गई व्यवस्थाओं की भूरी-भूरी प्रशंसा की।

कमेटी के कोषाध्यक्ष मनोज गर्ग ने बताया कि मंचन में राजा दशरथ द्वारा भगवान श्रीराम के राज्याभिषेक की घोषणा किए जाने पर देवलोक में चिंता का प्रसंग दिखाया गया। देवताओं के विचार-विमर्श के बाद देवी सरस्वती द्वारा मंथरा की बुद्धि प्रभावित करने की लीला प्रस्तुत की गई। इसके बाद कैकेयी राजा दशरथ से अपने दो वरदान मांगती हैं। पहले वरदान में श्रीराम के लिए 14 वर्ष का वनवास और दूसरे में भरत के राजतिलक की मांग की जाती है। कैकेयी की मांग सुनकर राजा दशरथ गहरे शोक में डूब जाते हैं। उन्हें श्रवण कुमार के प्रसंग और उनके माता-पिता के शाप की याद आती है। पुत्र वियोग में व्याकुल राजा दशरथ अंततः अपने प्राण त्याग देते हैं।

कमेटी के महासचिव बिजेंद्र सिंह आर्य ने बताया कि वनगमन के प्रसंग में भगवान श्रीराम के गंगा तट पर पहुंचने और केवट द्वारा उनके चरण धोकर गंगा पार कराने की लीला का मंचन किया गया। इसके बाद श्रीराम भारद्वाज ऋषि का आशीर्वाद लेकर वन की ओर प्रस्थान करते हैं। वहीं, अयोध्या लौटने पर भरत को श्रीराम के वनवास की जानकारी मिलती है। इससे दुखी भरत माता कैकेयी के निर्णय पर नाराजगी जताते हैं और भगवान श्रीराम को वापस अयोध्या लाने के लिए वन की ओर जाते हैं।

संयुक्त महासचिव सौरभ बंसल ने बताया कि आगामी लीला में नारद-सूपर्णखा संवाद, सीता हरण, राम वियोग और जटायु मरण जैसे प्रमुख प्रसंगों का मंचन किया जाएगा।

मीडिया प्रभारी विनोद कसाना ने बताया कि श्री रामलीला कमेटी ग्रेटर नोएडा पिछले 21 वर्षों से विजय महोत्सव के तहत रामलीला का आयोजन कर रही है। हर वर्ष मंचन को और आकर्षक बनाने के लिए नए प्रयास किए जाते हैं। इस बार भी दर्शकों के लिए भव्य मंच के साथ सुंदर मेले का आयोजन किया गया है। मेले में खानपान के विभिन्न स्टॉल, घरेलू उपयोग की वस्तुओं की दुकानें, बच्चों के लिए झूले, सर्कस, जादू और मनोरंजन के कई साधन उपलब्ध हैं। दर्शकों की सुविधा और सुरक्षा के लिए पुलिस-प्रशासन के सहयोग से विशेष इंतजाम किए गए हैं।

इस अवसर पर कमेटी के अध्यक्ष मनजीत सिंह, बिजेंद्र सिंह आर्य, धर्मपाल भाटी, मनोज गर्ग, सौरभ बंसल, विनोद कसाना, कुलदीप शर्मा, मुकेश शर्मा, केके शर्मा, हरेंद्र भाटी, मुकुल गोयल, सुभाष चंदेल, अमित गोयल, अतुल जिंदल, गिरीश जिंदल, श्यामवीर भाटी, मनोज यादव, अनिल कसाना, सुनील प्रधान, अनुज उपाध्याय, अतुल जैन, अरुण गुप्ता, अंकुर गर्ग, विशाल जैन, दीपक भाटी, राहुल नंबरदार, प्रभाकर देशमुख, विकास आर्य, रिंकू आर्य और प्रमोद मास्टर सहित कमेटी के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airpo

टिप्पणियाँ बंद हैं।