दिल्ली पुलिस की बड़ी कार्रवाई, अर्श डल्ला से जुड़े नार्को-टेरर मॉड्यूल का भंडाफोड़

टेन न्यूज़ नेटवर्क

New Delhi News (23 August 2026): दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच की एजीएस टीम ने अंतरराष्ट्रीय नार्को-टेरर सिंडिकेट के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए फरार आतंकी अर्शदीप सिंह उर्फ अर्श डल्ला से जुड़े एक कथित मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने इस मामले में चार प्रमुख आरोपियों को गिरफ्तार किया है और उनके कब्जे से 5.138 किलोग्राम अफीम बरामद की है। बरामद मादक पदार्थ की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 3.5 करोड़ रुपये बताई जा रही है। पुलिस के अनुसार, यह नेटवर्क पंजाब, हरियाणा, राजस्थान के अलावा विदेशों तक फैला हुआ था।

जांच में सामने आया कि मादक पदार्थों की इस खेप को कनाडा भेजे जाने वाले एक्सपोर्ट कंसाइनमेंट में छिपाकर विदेश भेजने की तैयारी थी। पुलिस का दावा है कि कार्रवाई के दौरान ड्रग्स के बदले हथियार उपलब्ध कराने वाले कथित नेटवर्क का भी खुलासा हुआ है। मामले की जांच के दौरान इस सिंडिकेट के अंतरराष्ट्रीय संपर्कों और इसके जरिए होने वाली कथित फंडिंग की भी पड़ताल की जा रही है। दिल्ली पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और विदेश में मौजूद संपर्कों की जानकारी जुटा रही है।

यह सफल अभियान इंस्पेक्टर अरविंद के नेतृत्व में चलाया गया, जबकि एसीपी भगवती प्रसाद के मार्गदर्शन और डीसीपी हर्ष इंदौरा की निगरानी में पूरी कार्रवाई को अंजाम दिया गया। दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने कहा है कि नशे के कारोबार और उससे जुड़े आतंकी नेटवर्क के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस अब इस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है और आने वाले दिनों में नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के खिलाफ भी कार्रवाई की संभावना जताई जा रही है।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.

टिप्पणियाँ बंद हैं।