रात भर इंडिया गेट पर चला धरना, अंकिता भंडारी के माता-पिता को दिल्ली पुलिस ने हिरासत में लिया
टेन न्यूज़ नेटवर्क
New Delhi News (15 October 2026): अंकिता भंडारी हत्याकांड में न्याय की मांग को लेकर दिल्ली के इंडिया गेट के पास धरने पर बैठे अंकिता के माता-पिता को गुरुवार सुबह करीब 4 बजे दिल्ली पुलिस ने हिरासत में ले लिया। पुलिस की टीम सुबह मौके पर पहुंची और अंकिता के माता-पिता के साथ प्रदर्शन कर रहे कांग्रेस नेताओं को भी हिरासत में लेकर थाने पहुंची। इस कार्रवाई के बाद अंकिता के पिता ने नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि अगर उनकी मांगें पूरी नहीं हुईं, तो वे पूरे देश में सड़कों पर उतरकर आंदोलन करेंगे।
अंकिता भंडारी के माता-पिता साल 2022 में उत्तराखंड के एक रिजॉर्ट में हुई अपनी बेटी की हत्या के मामले में न्याय की मांग को लेकर दिल्ली पहुंचे हैं। उनका विरोध प्रदर्शन उत्तराखंड के भाजपा नेता दुष्यंत गौतम को सिक्किम का राज्यपाल नियुक्त किए जाने के खिलाफ भी है। 12 अक्टूबर को राष्ट्रपति भवन की ओर से छह राज्यों के नए राज्यपालों की नियुक्ति से जुड़ी सूची जारी की गई थी, जिसमें दुष्यंत गौतम का नाम भी शामिल था। अंकिता के माता-पिता चाहते हैं कि उनकी नियुक्ति पर रोक लगाई जाए और इस हत्याकांड में उनकी कथित भूमिका की भी जांच हो।
बुधवार को अंकिता के माता-पिता अपनी मांगों को लेकर इंडिया गेट के पास सड़क पर बैठ गए थे। इस दौरान लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी कांग्रेस और विपक्ष के कुछ नेताओं के साथ उनसे मिलने पहुंचे। राहुल गांधी ने अंकिता के माता-पिता से मुलाकात की और इसके बाद वहां से चले गए, जबकि कांग्रेस के कुछ नेता और सांसद प्रदर्शन स्थल पर मौजूद रहे। गुरुवार सुबह दिल्ली पुलिस की टीम ने कार्रवाई करते हुए अंकिता के माता-पिता और वहां मौजूद कांग्रेस नेताओं को हिरासत में ले लिया।
अंकिता भंडारी की सितंबर 2022 में उत्तराखंड के एक रिजॉर्ट में हत्या कर दी गई थी, जहां वह रिसेप्शनिस्ट के रूप में काम करती थीं। इस मामले में रिजॉर्ट संचालक पुलकित आर्य और दो अन्य आरोपियों सौरभ भास्कर तथा अंकित गुप्ता को गिरफ्तार किया गया था। मामले की सुनवाई के बाद कोटद्वार की अदालत ने तीनों आरोपियों को उम्रकैद की सजा सुनाई थी। इसके बावजूद अंकिता के माता-पिता अब इस मामले में अन्य कथित पहलुओं की जांच की मांग उठा रहे हैं।
हिरासत में लिए जाने के दौरान अंकिता के पिता ने स्पष्ट किया कि दुष्यंत गौतम की नियुक्ति रद्द करने और मामले में उनकी कथित भूमिका की जांच कराने की मांग पूरी नहीं होने पर आंदोलन को देशव्यापी बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि यदि उनकी बात नहीं सुनी गई, तो वे पूरे देश में सड़कों पर उतरेंगे। इस घटनाक्रम के बाद अंकिता भंडारी हत्याकांड में न्याय की मांग को लेकर जारी विरोध प्रदर्शन और दुष्यंत गौतम की नियुक्ति का मुद्दा एक बार फिर चर्चा में आ गया है।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
टिप्पणियाँ बंद हैं।