4 साल से छोटे बच्चों के लिए इन दवाओं पर सरकार ने लगाया प्रतिबंध

टेन न्यूज़ नेटवर्क

National News (22 August 2026); केंद्र सरकार ने छोटे बच्चों के स्वास्थ्य और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए क्लोरफेनिरामाइन मैलिएट और फिनाइलेफ्राइन हाइड्रोक्लोराइड युक्त सभी निश्चित खुराक संयोजन (FDC) दवाओं के निर्माण, बिक्री और वितरण पर बड़ा फैसला लिया है। सरकार ने स्पष्ट किया है कि इन दवाओं का इस्तेमाल चार वर्ष से कम उम्र के बच्चों में नहीं किया जाना चाहिए। 22 अगस्त 2026 को जारी अधिसूचना के अनुसार, यह कदम जन स्वास्थ्य के हित में उठाया गया है और संबंधित दवाओं के निर्माताओं, वितरकों और विक्रेताओं पर इसका सीधा असर पड़ेगा।

सरकार के मुताबिक, इससे पहले 15 अप्रैल 2025 को जारी अधिसूचना एसओ 1717(ई) के जरिए क्लोरफेनिरामाइन मैलिएट और फिनाइलेफ्राइन हाइड्रोक्लोराइड वाले कुछ FDC पर आयु-विशिष्ट चेतावनी के साथ प्रतिबंध लगाया गया था। अब सरकार ने इस दायरे को बढ़ाते हुए इन दोनों घटकों वाले सभी फॉर्मूलेशन को इसके तहत शामिल कर लिया है। यानी चार साल से कम उम्र के बच्चों के लिए इन दोनों दवाओं का संयोजन इस्तेमाल नहीं किया जा सकेगा।

यह फैसला विशेषज्ञ समिति और औषधि तकनीकी सलाहकार बोर्ड (DTAB) की सिफारिशों के आधार पर लिया गया है। सरकार ने कहा है कि इस तरह के दवा संयोजन का इस्तेमाल चार वर्ष से कम उम्र के बच्चों के लिए स्वास्थ्य संबंधी जोखिम पैदा कर सकता है। साथ ही, बच्चों के लिए सुरक्षित विकल्प उपलब्ध होने को भी इस फैसले की प्रमुख वजहों में शामिल किया गया है। सरकार का यह कदम खास तौर पर बिना चिकित्सकीय सलाह के छोटे बच्चों को सर्दी-जुकाम से जुड़ी दवाएं देने की प्रवृत्ति को लेकर महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

नई अधिसूचना के तहत दवा निर्माताओं को इन दवाओं के लेबल, पैकेज इंसर्ट और प्रचार सामग्री पर स्पष्ट चेतावनी प्रदर्शित करना अनिवार्य होगा—“निश्चित खुराक संयोजन का उपयोग चार वर्ष से कम उम्र के बच्चों में नहीं किया जाना चाहिए।” सरकार ने यह कार्रवाई औषधि और प्रसाधन सामग्री अधिनियम, 1940 की धारा 26ए के तहत जन स्वास्थ्य के हित में की है। अधिसूचना आधिकारिक राजपत्र में प्रकाशित होने की तारीख से प्रभावी होगी।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।