UPSIDA सीईओ डॉ. बलकार सिंह ने उद्यमियों से किया संवाद, समस्याओं के समाधान का दिया भरोसा

टेन न्यूज नेटवर्क

Greater Noida News (18/08/2026): उत्तर प्रदेश राज्य औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यूपीसीडा) के नवनियुक्त मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) डॉ. बलकार सिंह के गौतमबुद्ध नगर दौरे के दौरान साइट-5, कासना स्थित यूपीसीडा के क्षेत्रीय कार्यालय में औद्योगिक संगठनों और उद्यमियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में इंडस्ट्रियल बिजनेस एसोसिएशन (IBA), गौतम बुद्ध नगर समेत विभिन्न औद्योगिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। इस दौरान औद्योगिक क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं, विकास कार्यों की स्थिति और उद्यमियों के सामने आ रही समस्याओं पर विस्तार से चर्चा हुई।

बैठक में उद्योग प्रतिनिधियों ने अपने-अपने औद्योगिक क्षेत्रों की मौजूदा स्थिति से सीईओ को अवगत कराया और सड़क, ड्रेनेज, जल निकासी, सफाई, स्ट्रीट लाइट, सुरक्षा सहित विभिन्न सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए सुझाव और मांगें रखीं।

बैठक के बाद डॉ. बलकार सिंह ने ईपीआईपी औद्योगिक क्षेत्र का दौरा किया। उन्होंने वहां संचालित कुछ औद्योगिक इकाइयों का निरीक्षण किया और उद्यमियों से सीधे बातचीत कर उनकी समस्याओं एवं आवश्यकताओं की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र में उपलब्ध आधारभूत सुविधाओं और चल रहे विकास कार्यों का भी जायजा लिया।

उद्यमियों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान प्राथमिकता

डॉ. बलकार सिंह ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार का उद्देश्य प्रदेश के औद्योगिक क्षेत्रों को आधुनिक, व्यवस्थित, सुरक्षित और निवेश के लिए अनुकूल बनाना है। उन्होंने कहा कि उद्योगों से जुड़ी समस्याओं का समयबद्ध समाधान यूपीसीडा की प्राथमिकताओं में शामिल है।

उन्होंने भरोसा दिलाया कि औद्योगिक विकास को गति देने के साथ-साथ सड़कों, जल निकासी, स्वच्छता, प्रकाश व्यवस्था और अन्य आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में प्रभावी कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने औद्योगिक संगठनों के साथ नियमित संवाद और समन्वय को भी आवश्यक बताया, ताकि स्थानीय स्तर पर सामने आने वाली समस्याओं का जल्द समाधान किया जा सके।

आईबीए ने विकास कार्यों में तेजी लाने की मांग उठाई

इंडस्ट्रियल बिजनेस एसोसिएशन के अध्यक्ष अमित कुमार उपाध्याय ने डॉ. बलकार सिंह का स्वागत करते हुए गौतम बुद्ध नगर के यूपीसीडा औद्योगिक क्षेत्रों में पिछले वर्षों में किए गए विकास कार्यों का उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि औद्योगिक क्षेत्रों में प्रवेश द्वार, सड़कों, हाईमास्ट और स्ट्रीट लाइट, कियोस्क, वेंडिंग जोन, सार्वजनिक शौचालय, श्रमिक सुविधा केंद्र और मालवाहक वाहनों के लिए पार्किंग जैसी सुविधाओं का विकास कराया गया है। इससे औद्योगिक क्षेत्रों के स्वरूप और कार्य वातावरण में सुधार हुआ है।

अमित कुमार उपाध्याय ने कहा कि मार्च 2026 के बाद कई क्षेत्रों में विकास और अनुरक्षण कार्यों की रफ्तार प्रभावित हुई है। नियमित ड्रेन सफाई, कूड़ा उठाने और अन्य रखरखाव कार्यों में कमी के कारण बारिश के दौरान औद्योगिक क्षेत्रों में जलभराव की समस्या गंभीर हो रही है। उन्होंने कहा कि जलभराव की वजह से उद्योगों के संचालन पर असर पड़ता है और उद्यमियों को आर्थिक नुकसान भी उठाना पड़ता है।

आधुनिक ड्रेनेज और बेहतर जल निकासी की मांग

आईबीए अध्यक्ष ने औद्योगिक क्षेत्रों में आधुनिक और कवरयुक्त आरसीसी ड्रेनेज सिस्टम विकसित करने की मांग रखी। इसके साथ ही सीवरेज व्यवस्था को प्रभावी रूप से संचालित करने, पेयजल पाइपलाइन बिछाने और पानी की टंकियां स्थापित करने की आवश्यकता बताई गई।

उन्होंने अधूरी सड़कों का निर्माण पूरा कराने, ग्रीन बेल्ट विकसित करने, नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने तथा स्ट्रीट लाइट और हाईमास्ट व्यवस्था को दुरुस्त करने की मांग की। औद्योगिक क्षेत्रों की सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाने, ट्रांसपोर्ट वाहनों के लिए पर्याप्त पार्किंग, सार्वजनिक शौचालय और श्रमिकों के लिए आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने का मुद्दा भी बैठक में उठाया गया।

इसके अलावा उद्योगों से संबंधित अनुमतियों और एनओसी की प्रक्रिया को सरल बनाने के लिए सिंगल विंडो सिस्टम को प्रभावी करने तथा सभी सेवाओं को ऑनलाइन और निर्धारित समयसीमा में उपलब्ध कराने की मांग की गई।

गौतम बुद्ध नगर में सक्षम अधिकारी की नियमित तैनाती की मांग

आईबीए की ओर से गौतम बुद्ध नगर में एसीईओ स्तर के सक्षम अधिकारी की नियमित तैनाती की मांग भी रखी गई। संगठन ने कहा कि अधिकारी की स्थानीय स्तर पर नियमित उपलब्धता से उद्यमियों की समस्याओं का त्वरित निस्तारण संभव होगा। इसके लिए सप्ताह में कम से कम तीन दिन अधिकारी की उपलब्धता सुनिश्चित करने का सुझाव दिया गया।

संगठन ने यूपीसीडा और उद्योग प्रतिनिधियों के बीच नियमित समीक्षा बैठकों की व्यवस्था बनाने की भी मांग की। आईबीए ने सुझाव दिया कि प्रत्येक 15 दिन या कम से कम महीने में एक बार उद्योग संगठनों के साथ बैठक कर विकास कार्यों की प्रगति और लंबित समस्याओं की समीक्षा की जाए।

उद्योग संगठनों ने सहयोग का भरोसा दिया

अमित कुमार उपाध्याय ने कहा कि इंडस्ट्रियल बिजनेस एसोसिएशन का उद्देश्य केवल समस्याओं को सामने रखना नहीं, बल्कि प्रशासन के साथ मिलकर उनके स्थायी समाधान की दिशा में काम करना है। उन्होंने कहा कि संगठन यूपीसीडा के साथ सकारात्मक संवाद और समन्वय के माध्यम से गौतम बुद्ध नगर के औद्योगिक क्षेत्रों को बेहतर बनाने में सहयोग करेगा।

उन्होंने कहा कि आईबीए की प्राथमिकता है कि जिले के सभी यूपीसीडा औद्योगिक क्षेत्र स्वच्छ, सुरक्षित, सुव्यवस्थित और विश्वस्तरीय आधारभूत सुविधाओं से युक्त हों, जिससे यहां निवेश और औद्योगिक गतिविधियों को और बढ़ावा मिल सके।

बैठक के अंत में डॉ. बलकार सिंह ने उद्योग संगठनों द्वारा उठाई गई समस्याओं और सुझावों पर सकारात्मक रुख अपनाते हुए औद्योगिक क्षेत्रों के समग्र विकास तथा उद्यमियों की समस्याओं के शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया। बैठक सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई। इस अवसर पर आईबीए अध्यक्ष अमित कुमार उपाध्याय के साथ कोषाध्यक्ष राकेश अग्रवाल, जॉइंट सेक्रेटरी विकास राय, यूपीसीडा साइट-5 औद्योगिक क्षेत्र के सेक्टर सेक्रेटरी वीरेंद्र रावल, उपाध्यक्ष राजेश खन्ना सहित संस्था के अन्य पदाधिकारी और सदस्य मौजूद रहे।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।