New Delhi News (17 August 2026): दिल्ली में मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण यानी SIR के तहत मतदाताओं के सत्यापन और एन्यूमरेशन फॉर्म जमा करने की समय सीमा आज सोमवार रात 12 बजे समाप्त हो रही है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी अशोक कुमार की ओर से जारी स्थिति रिपोर्ट के मुताबिक, दिल्ली में कुल बांटे गए करीब 1.45 करोड़ गणना फॉर्मों में से 97.2 लाख फॉर्म का सत्यापन और डिजिटाइजेशन पूरा हो चुका है। इस तरह अब तक करीब 66.9 प्रतिशत यानी लगभग 67 प्रतिशत प्रक्रिया पूरी हुई है, जबकि करीब 47.9 लाख फॉर्म अभी जमा और डिजिटाइज नहीं हो पाए हैं।
निर्वाचन अधिकारियों के मुताबिक, सोमवार रात 12 बजे के बाद जिन मतदाताओं के फॉर्म जमा नहीं होंगे, उनके नाम 24 अगस्त को प्रकाशित होने वाली ड्राफ्ट मतदाता सूची में शामिल नहीं किए जाएंगे। हालांकि अधिकारियों ने यह भी स्पष्ट किया है कि ड्राफ्ट सूची से नाम हटना मतदाता के लिए स्थायी रूप से बाहर होने का मतलब नहीं है। ऐसे मतदाताओं को 24 अगस्त से 23 सितंबर के बीच दावा और आपत्ति दर्ज कराने का अवसर मिलेगा। इस दौरान पात्र मतदाता अपना नाम सूची में शामिल कराने के लिए निर्धारित प्रक्रिया के तहत आवेदन कर सकेंगे।
SIR अभियान के तहत दिल्ली में फॉर्म जमा करने की समय सीमा पहले भी दो बार बढ़ाई जा चुकी है। शुरुआत में यह प्रक्रिया 29 जुलाई तक पूरी होनी थी, जिसे पहले 8 अगस्त और बाद में बढ़ाकर 17 अगस्त किया गया। इसी तरह ड्राफ्ट मतदाता सूची के प्रकाशन की तारीख भी पहले 5 अगस्त निर्धारित थी, जिसे संशोधित कर 17 अगस्त और फिर 24 अगस्त किया गया। निर्वाचन अधिकारियों के अनुसार बड़ी संख्या में फॉर्म जमा नहीं होने के पीछे मतदाताओं का दिल्ली से बाहर चले जाना, एक स्थान से दूसरे स्थान पर स्थानांतरित होना और मतदाताओं की मृत्यु जैसे कारण प्रमुख हैं।
जिलेवार आंकड़ों पर नजर डालें तो सत्यापन की रफ्तार में काफी अंतर देखने को मिला है। साउथ ईस्ट दिल्ली में सत्यापन दर सबसे कम 55.9 प्रतिशत दर्ज की गई है। यहां करीब 15.5 लाख फॉर्म में से लगभग 8.7 लाख फॉर्म ही अब तक डिजिटाइज हो पाए हैं। इसके बाद नई दिल्ली जिला 60.6 प्रतिशत, साउथ जिला 61 प्रतिशत और सेंट्रल जिला 61.8 प्रतिशत सत्यापन के साथ निचले पायदान पर हैं। दूसरी ओर आउटर नॉर्थ जिले में सबसे अधिक 75.6 प्रतिशत फॉर्म का सत्यापन और डिजिटाइजेशन पूरा हो चुका है।
अन्य जिलों की बात करें तो वेस्ट जिले में 73.1 प्रतिशत और साउथ वेस्ट जिले में करीब 73 प्रतिशत सत्यापन पूरा हुआ है। वहीं नॉर्थ वेस्ट और नॉर्थ ईस्ट जिलों में क्रमशः 70.8 प्रतिशत और 70.7 प्रतिशत फॉर्म का डिजिटाइजेशन किया जा चुका है। निर्वाचन अधिकारियों के मुताबिक दिल्ली के सभी 13 जिलों में फॉर्म वितरण की प्रक्रिया 100 प्रतिशत तक पहुंच चुकी है, लेकिन फॉर्म वापस जमा कराने और उनके सत्यापन की गति अलग-अलग जिलों में अलग रही है।
अब सोमवार रात 12 बजे की समय सीमा के बाद निर्वाचन विभाग 24 अगस्त को ड्राफ्ट मतदाता सूची प्रकाशित करेगा। इसके बाद मतदाताओं को अपने नाम और विवरण की जांच करने तथा जरूरत पड़ने पर दावा-आपत्ति दर्ज कराने का अवसर मिलेगा। दावा और आपत्ति की प्रक्रिया 23 सितंबर तक चलेगी और उचित सत्यापन के बाद पात्र मतदाताओं के नाम 27 अक्टूबर को प्रकाशित होने वाली अंतिम मतदाता सूची में शामिल किए जाएंगे। ऐसे में जिन मतदाताओं ने अभी तक अपना फॉर्म जमा नहीं किया है, उनके लिए आज की समय सीमा बेहद महत्वपूर्ण है।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।