द्वारका जिले में ऑपरेशन VISTA के तहत पुलिस की विशेष कार्रवाई, 46 विदेशी नागरिक हिरासत में
टेन न्यूज़ नेटवर्क
New Delhi News (21/11/2026): दिल्ली के द्वारका जिले में अवैध रूप से रह रहे और वीजा अवधि समाप्त होने के बाद भी देश में ठहरने वाले विदेशी नागरिकों के खिलाफ द्वारका जिला पुलिस ने विशेष सत्यापन अभियान चलाया। ऑपरेशन VISTA के तहत की गई इस कार्रवाई में कुल 46 विदेशी नागरिकों को हिरासत में लेकर उनके दस्तावेजों और भारत में रहने की वैधता की जांच की गई। सत्यापन प्रक्रिया पूरी होने के बाद इनमें से 15 विदेशी नागरिकों को डिपोर्ट किया गया।
द्वारका जिला पुलिस के अनुसार, यह विशेष अभियान 20 नवंबर 2026 को जिले के चार थाना क्षेत्रों—बिंदापुर, उत्तम नगर, मोहन गार्डन और डाबड़ी में चलाया गया। अभियान का उद्देश्य जिले में अवैध रूप से रह रहे अथवा वीजा अवधि से अधिक समय तक ठहरे विदेशी नागरिकों की पहचान करना और उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करना था।
यह कार्रवाई डीसीपी द्वारका जिला कुशल पाल सिंह (IPS) के निर्देश पर तथा एडीसीपी-1 विकास मीणा की निगरानी में की गई। पुलिस टीमों ने विभिन्न स्थानों पर विदेशी नागरिकों की पहचान, दस्तावेजों और आव्रजन संबंधी रिकॉर्ड का सत्यापन किया।
6 देशों के नागरिकों का हुआ सत्यापन
अभियान के दौरान हिरासत में लिए गए 46 विदेशी नागरिकों में सबसे अधिक 39 नागरिक नाइजीरिया के थे। इसके अलावा घाना और तंजानिया के 2-2 नागरिक, जबकि कैमरून, केन्या और दक्षिण अफ्रीका के 1-1 नागरिक शामिल थे।
15 विदेशी नागरिकों को किया गया डिपोर्ट
पुलिस के मुताबिक, हिरासत में लिए गए 46 विदेशी नागरिकों के सत्यापन और आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी की गईं। इनमें से 15 विदेशी नागरिकों को निर्धारित प्रक्रिया पूरी होने के बाद डिपोर्ट कर दिया गया। शेष विदेशी नागरिकों के संबंध में सत्यापन एवं नियमानुसार प्रक्रिया की कार्रवाई की गई।
द्वारका जिला पुलिस का यह अभियान राजधानी में विदेशी नागरिकों के आव्रजन दस्तावेजों की जांच, अवैध प्रवास पर निगरानी और कानून व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से चलाए जा रहे प्रयासों का हिस्सा है।।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
टिप्पणियाँ बंद हैं।