दिल्ली में बिना मंजूरी नहीं चलेंगी डेयरी और गौशालाएं, DPCC ने दिया 15 दिन का अल्टीमेटम

टेन न्यूज़ नेटवर्क

New Delhi News (21 November 2026): दिल्ली में प्रदूषण पर नियंत्रण के लिए अब डेयरी फार्म और गौशालाओं के खिलाफ सख्ती बढ़ाई जा रही है। दिल्ली प्रदूषण नियंत्रण समिति (DPCC) ने राजधानी में संचालित सभी डेयरी फार्म और गौशालाओं के लिए स्थापना और संचालन की मंजूरी लेना अनिवार्य कर दिया है। इस संबंध में समिति ने सार्वजनिक सूचना जारी करते हुए सभी संचालकों को नोटिस जारी होने के 15 दिनों के भीतर स्थापना की सहमति (CTE) और संचालन की सहमति (CTO) के लिए आवेदन करने का निर्देश दिया है। निर्धारित समय में आवेदन नहीं करने और पर्यावरण संबंधी नियमों का पालन नहीं करने वाले संचालकों के खिलाफ कार्रवाई की जा सकती है। इस कदम का उद्देश्य डेयरियों और गौशालाओं से निकलने वाले अपशिष्ट के उचित प्रबंधन के साथ प्रदूषण पर नियंत्रण करना है।

DPCC की ओर से जारी निर्देश राष्ट्रीय हरित अधिकरण (NGT) के 20 मई 2020 के आदेश के अनुपालन में लागू किए गए हैं। इसके तहत केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) ने डेयरी फार्म और गौशालाओं के पर्यावरण प्रबंधन को लेकर दिशा-निर्देश जारी किए थे। इसी आधार पर 10 जुलाई 2020 को इन इकाइयों को उनके प्रदूषण सूचकांक के अनुसार अलग-अलग श्रेणियों में बांटा गया था। अब दिल्ली में संचालित सभी संबंधित इकाइयों को अपनी गतिविधियों और निर्धारित श्रेणी के मुताबिक DPCC से जरूरी मंजूरी लेनी होगी। समिति ने स्पष्ट किया है कि नियमों के तहत आवेदन करना सभी डेयरी और गौशाला संचालकों की जिम्मेदारी है।

प्रदूषण सूचकांक के आधार पर गौशालाओं को 41.5 अंक के साथ ग्रीन श्रेणी में रखा गया है। वहीं, 15 से 100 पशुओं वाली डेयरियों का प्रदूषण सूचकांक 73 निर्धारित किया गया है, जिसके चलते उन्हें ऑरेंज श्रेणी में शामिल किया गया है। इसी तरह 101 से 500 पशुओं वाली डेयरियों को 77.5 प्रदूषण सूचकांक के साथ ऑरेंज श्रेणी में रखा गया है। जबकि 500 से अधिक पशुओं वाली बड़ी डेयरियों का प्रदूषण सूचकांक 82 है और उन्हें रेड श्रेणी में शामिल किया गया है। इन श्रेणियों के आधार पर डेयरी संचालकों को पर्यावरण प्रबंधन और प्रदूषण नियंत्रण से जुड़े निर्धारित नियमों का पालन करना होगा।

दिल्ली में गाय-भैंस पालन और दूध कारोबार से जुड़ी करीब 11 मान्यता प्राप्त डेयरी कॉलोनियां हैं। इनमें भलस्वा, गाजीपुर, घोघा, गोयला, ककरोला, नांगली सकरावती, शाहबाद डेयरी, मदनपुर खादर, झरोदा, घरौली और मसूदपुर शामिल हैं। एमसीडी के सर्वे में मदनपुर खादर में 206, भलस्वा में 188 और घोघा में 139 डेयरियां सामने आई थीं। वहीं, विभिन्न कारोबारी सूचियों में राजधानी के 340 से 385 डेयरी फार्म दर्ज हैं। ऐसे में DPCC के नए निर्देशों का असर दिल्ली की डेयरियों और गौशालाओं पर पड़ेगा। आने वाले दिनों में इन इकाइयों की मंजूरी, पर्यावरण प्रबंधन और नियमों के अनुपालन को लेकर निगरानी और सख्त हो सकती है।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.

टिप्पणियाँ बंद हैं।