शाहरुख-अजय-टाइगर की बढ़ी मुश्किलें? विमल इलायची विज्ञापन पर FDA ने भेजा नोटिस

टेन न्यूज नेटवर्क

National News (16/08/2026): महाराष्ट्र खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) ने तंबाकू और पान मसाला से जुड़े विज्ञापन को लेकर बॉलीवुड अभिनेता शाहरुख खान, अजय देवगन और टाइगर श्रॉफ को नोटिस जारी किया है। तीनों अभिनेताओं से ‘विमल इलायची’ के विज्ञापन में उनकी भूमिका को लेकर स्पष्टीकरण मांगा गया है। FDA का कहना है कि यह विज्ञापन प्रतिबंधित पान मसाला उत्पाद के अप्रत्यक्ष प्रचार के दायरे में आ सकता है।

FDA की यह कार्रवाई ऐसे समय हुई है, जब महाराष्ट्र में तंबाकू और पान मसाला उत्पादों की बिक्री और प्रचार को लेकर विभाग सख्ती बरत रहा है। अधिकारियों के अनुसार, विज्ञापन की शुरुआती जांच में सामने आया कि ‘विमल’ ब्रांड का प्रचार ऐसे उत्पादों से जुड़ा है, जिन पर राज्य में प्रतिबंध लागू है।

जारी नोटिस में तीनों कलाकारों से विज्ञापन में उनकी भूमिका और ब्रांड के प्रचार को लेकर जवाब मांगा गया है। जानकारी के मुताबिक, FDA ने अजय देवगन को जुहू स्थित आवास, शाहरुख खान को बांद्रा स्थित ‘मन्नत’ और टाइगर श्रॉफ को उनकी प्रोडक्शन कंपनी के पते पर नोटिस भेजा है। विभाग अब इनसे प्राप्त जवाब के आधार पर आगे की कार्रवाई तय करेगा।

FDA के मुताबिक, फूड सेफ्टी एंड स्टैंडर्ड्स एक्ट, 2006 के प्रावधानों के तहत प्रतिबंधित खाद्य उत्पादों के प्रचार के मामले में कार्रवाई की जा सकती है। महाराष्ट्र में पान मसाला के निर्माण, भंडारण, आपूर्ति और बिक्री पर भी प्रतिबंध लागू है। नियमों के उल्लंघन की स्थिति में संबंधित पक्षों पर आर्थिक दंड समेत अन्य कानूनी कार्रवाई का प्रावधान है।

फिलहाल FDA ने तीनों कलाकारों से जवाब मांगा है। उनके स्पष्टीकरण के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि मामले में आगे किस तरह की कार्रवाई की जाएगी। यह मामला सेलिब्रिटी विज्ञापनों में ब्रांड प्रमोशन और प्रतिबंधित उत्पादों के अप्रत्यक्ष प्रचार को लेकर एक बार फिर चर्चा में है।

 


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।