गौतमबुद्ध नगर में मनाया गया 80वां स्वतंत्रता दिवस, डीएम ने दिलाया कर्तव्यनिष्ठा का संकल्प

टेन न्यूज नेटवर्क

Greater Noida News (16/08/2026): राष्ट्रीय पर्व स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जनपद गौतमबुद्ध नगर में 80वां स्वतंत्रता दिवस पूरे उत्साह, उमंग और देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। जिला प्रशासन की ओर से कलेक्ट्रेट परिसर में आयोजित मुख्य समारोह में जिलाधिकारी ने ध्वजारोहण किया। इसके बाद उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों ने सामूहिक रूप से राष्ट्रगान गाया और देश की एकता, अखंडता एवं संप्रभुता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।

स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान जिलाधिकारी ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्वर्गीय शिव नारायण गुप्ता की पुत्री संध्या गुप्ता को शॉल भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर धर्म पब्लिक स्कूल, ग्रेटर नोएडा के विद्यार्थियों द्वारा देशभक्ति से ओत-प्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। विद्यार्थियों की शानदार प्रस्तुतियों ने समारोह में मौजूद अधिकारियों, कर्मचारियों और अतिथियों में राष्ट्रप्रेम की भावना को और प्रबल कर दिया। उत्कृष्ट प्रस्तुति देने वाले विद्यार्थियों को जिलाधिकारी ने पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया।

समारोह के उपरांत स्वतंत्रता संग्राम के वीर सेनानियों तथा देश के अमर शहीदों के त्याग और बलिदान को स्मरण करते हुए विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। गोष्ठी को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने जनपदवासियों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं और सभी के सुख, समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।

जिलाधिकारी ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल उत्सव मनाने का अवसर नहीं, बल्कि उन असंख्य वीरों के त्याग और बलिदान को याद करने का दिन है, जिनके संघर्ष के कारण देश को आजादी मिली। उन्होंने कहा कि आज भारत विकास और प्रगति के नए आयाम स्थापित कर रहा है। ऐसे में प्रत्येक नागरिक का दायित्व है कि वह देश के विकास में अपनी भूमिका निभाए और स्वतंत्रता दिवस को राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारियों के निर्वहन के संकल्प दिवस के रूप में मनाए।

उन्होंने स्वच्छता को नागरिक जिम्मेदारी से जोड़ते हुए कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को स्वयं स्वच्छता अपनाने के साथ अपने परिवार, आसपास के लोगों और समाज को भी स्वच्छता के प्रति जागरूक करना चाहिए। उन्होंने कहा कि समाज के जरूरतमंद एवं निराश्रित लोगों की सहायता के लिए भी सभी को अपनी क्षमता के अनुसार योगदान देना चाहिए। जन्मदिन, वर्षगांठ और अन्य विशेष अवसरों को जरूरतमंदों की सेवा एवं सहायता के लिए समर्पित कर समाज में सकारात्मक बदलाव लाया जा सकता है।

जिलाधिकारी ने अभिभावकों से आह्वान किया कि वे बच्चों को स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास और महान स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग एवं बलिदान से अवगत कराएं। उन्होंने कहा कि जिन वीरों ने देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया, उनके सपनों के भारत का निर्माण करना आज की पीढ़ी की जिम्मेदारी है। राष्ट्रहित में किए गए छोटे-छोटे सकारात्मक प्रयास भी देश की प्रगति में महत्वपूर्ण योगदान देते हैं।

अधिकारियों एवं कर्मचारियों को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि सभी अपने-अपने कार्यक्षेत्र में पूरी ईमानदारी, मेहनत और जिम्मेदारी के साथ कार्य करें। विकास योजनाओं एवं जनकल्याणकारी कार्यों को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने के लिए कर्तव्यनिष्ठा और पारदर्शिता आवश्यक है। उन्होंने कहा कि यदि प्रत्येक अधिकारी और कर्मचारी अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा एवं राष्ट्रहित की भावना से करेगा, तो देश को सशक्त, समृद्ध और विकसित बनाने के लक्ष्य को और मजबूती मिलेगी।

कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी प्रशासन मंगलेश दुबे, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अजीत कुमार, अपर जिलाधिकारी भू-आ एवं भू-अर्जन अरुण कुमार सिंह, अपर जिलाधिकारी न्यायिक प्रियंका, डिप्टी कलेक्टर हरिशंकर लाल, अरुण वर्मा, जिला आबकारी अधिकारी सुबोध कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। वहीं, स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिलाधिकारी ने कैंप कार्यालय में भी ध्वजारोहण किया। राष्ट्रगान के बाद उन्होंने वहां उपस्थित बच्चों को उपहार प्रदान कर उनका उत्साह बढ़ाया।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।