ग्रेटर नोएडा में 19-20 सितंबर को होगा ‘प्रेरणा विमर्श-2026’, तैयारियां तेज
टेन न्यूज नेटवर्क
Greater Noida News (10/08/2026): समाज, मीडिया, राष्ट्र और समसामयिक विषयों पर सकारात्मक एवं सार्थक संवाद के मंच ‘प्रेरणा विमर्श’ के वर्ष 2026 के आयोजन की तैयारियां तेज हो गई हैं। ‘उत्कर्ष : नारी सम्मान, युवा स्वाभिमान’ की केंद्रीय भावना के साथ ‘प्रेरणा विमर्श-2026’ का आयोजन 19 और 20 सितंबर को गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय, ग्रेटर नोएडा परिसर में किया जाएगा।
आयोजन की तैयारियों को लेकर गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय परिसर में रविवार को त्रि-सत्रीय योजना बैठक आयोजित की गई। इसमें 150 से अधिक कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने हिस्सा लिया। बैठक के दौरान ‘प्रेरणा विमर्श-2026’ के पोस्टर का विमोचन किया गया और कार्यक्रम के विभिन्न सत्रों, व्यवस्थाओं, प्रचार-प्रसार, पंजीकरण और अतिथि समन्वय को लेकर कार्ययोजना तैयार की गई।
बैठक के दौरान कार्यकर्ताओं को आयोजन की अब तक की यात्रा की वीडियो झलकियां भी दिखाई गईं। इसके बाद प्रेरणा मीडिया शोध संस्थान न्यास की अध्यक्षा प्रीति दादू, ‘प्रेरणा विमर्श-2026’ के अध्यक्ष डॉ. अनिल त्यागी, कार्यकारी अध्यक्ष बिजेंद्र गुप्ता और उत्तर प्रदेश-उत्तराखंड के प्रचार प्रमुख कृपाशंकर ने कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन किया। आयोजन के पहले दिन 19 सितंबर को करीब 1,000 मातृशक्ति की सहभागिता के साथ ‘नारी शक्ति राष्ट्र वंदन’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। वहीं 20 सितंबर को सुबह 10 से 12 बजे तक दो समानांतर विचार सत्र होंगे।
पहले सत्र ‘युवा सोच, नया भारत’ में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), तकनीक, डिजिटल मीडिया, ब्लॉगिंग, सोशल मीडिया, उद्यमिता, कौशल विकास और विकसित भारत जैसे विषयों पर चर्चा होगी। दूसरे सत्र ‘स्वाभिमानी नारी, सशक्त भारत’ में नारी नेतृत्व, शिक्षा, शोध, विज्ञान, मीडिया, उद्यमिता और सामाजिक क्षेत्र में महिलाओं की भूमिका पर विचार-विमर्श किया जाएगा।

दोनों सत्रों के बाद 20 सितंबर को दोपहर 3 बजे से शाम 5:30 बजे तक सामूहिक समापन समारोह आयोजित होगा। इसमें गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय के कुलाधिपति एवं उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री की उपस्थिति प्रस्तावित है। कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ दोनों विचार सत्रों के प्रमुख निष्कर्ष भी साझा किए जाएंगे।
बैठक में आयोजन की संचालन टोली समेत विभिन्न सत्रों और आयामों से जुड़े 150 से अधिक सदस्य मौजूद रहे। कार्यक्रम का मंच संचालन ‘प्रेरणा विमर्श-2026’ के संयोजक श्यामा किशोर सहाय और सचिव मोनिका चौहान ने संयुक्त रूप से किया। आयोजन समिति के अनुसार, ‘प्रेरणा विमर्श-2026’ का उद्देश्य नारी सम्मान, युवा स्वाभिमान और राष्ट्र उत्कर्ष की भावना के साथ समाज के विभिन्न वर्गों को एक मंच पर लाकर सकारात्मक संवाद और राष्ट्र निर्माण की दिशा को मजबूत करना है।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
टिप्पणियाँ बंद हैं।