कौन हैं जस्टिस वी. कामेश्वर राव? पटना हाईकोर्ट के नए चीफ जस्टिस के लिए कॉलेजियम ने की सिफारिश

टेन न्यूज नेटवर्क

Bihar News (10 अगस्त 2026): पटना हाईकोर्ट को जल्द ही नया मुख्य न्यायाधीश मिल सकता है। सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम ने दिल्ली हाईकोर्ट के वरिष्ठ न्यायाधीश जस्टिस वी. कामेश्वर राव को पटना हाईकोर्ट का मुख्य न्यायाधीश नियुक्त करने की सिफारिश की है। 6 अगस्त 2026 को भारत के मुख्य न्यायाधीश जस्टिस सूर्यकांत की अध्यक्षता में हुई कॉलेजियम की बैठक में उनके नाम पर फैसला लिया गया। केंद्र सरकार की मंजूरी के बाद जस्टिस राव पटना हाईकोर्ट के 49वें मुख्य न्यायाधीश बन सकते हैं।

1991 में शुरू की थी वकालत

जस्टिस वी. कामेश्वर राव का जन्म 7 अगस्त 1965 को हुआ था। उन्होंने वर्ष 1987 में दिल्ली विश्वविद्यालय से भूगोल में बीए ऑनर्स की डिग्री हासिल की। इसके बाद 1990 में एलएलबी की पढ़ाई पूरी की। मार्च 1991 में उन्होंने बार काउंसिल ऑफ दिल्ली में वकालत शुरू की।

अपने शुरुआती कानूनी करियर में उन्होंने सुप्रीम कोर्ट, दिल्ली हाईकोर्ट और केंद्रीय प्रशासनिक अधिकरण (CAT) में प्रैक्टिस की। इसके अलावा उन्होंने मद्रास हाईकोर्ट और कलकत्ता हाईकोर्ट की पोर्ट ब्लेयर सर्किट बेंच में भी मामलों की पैरवी की।

जनवरी 2010 में दिल्ली हाईकोर्ट ने उन्हें वरिष्ठ अधिवक्ता के रूप में नामित किया।

2013 में बने दिल्ली हाईकोर्ट के जज

जस्टिस वी. कामेश्वर राव को 17 अप्रैल 2013 को दिल्ली हाईकोर्ट का अतिरिक्त न्यायाधीश नियुक्त किया गया। इसके बाद 18 मार्च 2015 को उन्हें स्थायी न्यायाधीश बनाया गया।

लगभग एक दशक तक दिल्ली हाईकोर्ट में न्यायाधीश के रूप में कार्य करने के बाद उनका 1 जून 2024 को कर्नाटक हाईकोर्ट तबादला किया गया। वहां उन्होंने 30 मई 2025 को कार्यकारी मुख्य न्यायाधीश की जिम्मेदारी संभाली। हालांकि, इसके बाद 21 जुलाई 2025 को वे वापस दिल्ली हाईकोर्ट लौट आए।

सेवा और श्रम कानून के विशेषज्ञ

जस्टिस वी. कामेश्वर राव को सेवा कानून, श्रम कानून, मध्यस्थता, संवैधानिक कानून और प्रशासनिक कानून से जुड़े मामलों का विशेषज्ञ माना जाता है। अपने वकालत के दौर में उन्होंने कई सार्वजनिक उपक्रमों, बैंकों और स्वायत्त संस्थाओं का अदालत में प्रतिनिधित्व किया।

पटना हाईकोर्ट के 49वें चीफ जस्टिस बन सकते हैं

पटना हाईकोर्ट में इससे पहले 5 जून 2026 को जस्टिस मीनाक्षी मदन राय ने 48वीं मुख्य न्यायाधीश के रूप में शपथ ली थी। 11 जुलाई 2026 को उनके सेवानिवृत्त होने के बाद जस्टिस सुधीर सिंह को पटना हाईकोर्ट का कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश बनाया गया।

अब सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम की सिफारिश के बाद जस्टिस वी. कामेश्वर राव की पटना हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश के रूप में नियुक्ति का रास्ता खुल गया है। केंद्र सरकार की मंजूरी मिलने के बाद वे पटना हाईकोर्ट के 49वें मुख्य न्यायाधीश के रूप में कार्यभार संभाल सकते हैं।।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।