जेवर एयरपोर्ट परिसर में बड़ी चोरी, 16.70 लाख की UTP केबल के 100 बॉक्स गायब

टेन न्यूज नेटवर्क

Greater Noida News (09/08/2026): नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट परिसर में एक निजी कंपनी के स्टोर से करीब 16.70 लाख रुपये कीमत की UTP केबल चोरी होने का मामला सामने आया है। चोर स्टोर से केबल के करीब 100 बॉक्स लेकर फरार हो गए। चोरी हुई केबल की कुल लंबाई करीब 35 हजार मीटर बताई जा रही है। घटना के सामने आने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

लेबोटेक टेक्नोलॉजी प्राइवेट लिमिटेड के स्टोर मैनेजर विनय कुमार तिवारी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि शनिवार को स्टोर का निरीक्षण किया गया था। इस दौरान केबल के कई बॉक्स स्टोर से गायब मिले। कर्मचारियों से पूछताछ करने और अपने स्तर पर काफी तलाश करने के बावजूद केबल का कोई पता नहीं चला। इसके बाद कंपनी प्रबंधन ने मामले की सूचना पुलिस को दी। कंपनी के मुताबिक चोरी हुई UTP केबल का इस्तेमाल टेलीफोन नेटवर्क और डेटा कनेक्टिविटी से संबंधित कार्यों में किया जाना था। गायब केबल की कीमत करीब 16 लाख 70 हजार रुपये आंकी गई है। इतनी बड़ी मात्रा में केबल गायब मिलने के बाद कंपनी ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।

CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस

शिकायत मिलने के बाद जेवर कोतवाली पुलिस ने शनिवार शाम करीब सात बजे मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी। पुलिस स्टोर और उसके आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। इसके साथ ही स्टोर में आने-जाने वाले कर्मचारियों और अन्य लोगों की भी जानकारी जुटाई जा रही है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, CCTV फुटेज और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर चोरी में शामिल लोगों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि इतनी बड़ी मात्रा में केबल को स्टोर से बाहर कैसे ले जाया गया और घटना में किसी अंदरूनी व्यक्ति की भूमिका तो नहीं है। जांच के दौरान पुलिस को केबल को स्टोर से बाहर ले जाने और चोरी में शामिल आरोपियों तक पहुंचने के संबंध में महत्वपूर्ण सुराग मिलने की उम्मीद है।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।