जेवर में जल्द बनेगा आधुनिक ISBT? विधायक धीरेंद्र सिंह ने CM योगी से उठाई मांग
टेन न्यूज नेटवर्क
Greater Noida News (09/08/2026): नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के बाद जेवर विधानसभा क्षेत्र को एक और बड़ी परिवहन सुविधा मिलने की उम्मीद बढ़ गई है। जेवर विधायक धीरेंद्र सिंह ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात कर एयरपोर्ट के आसपास आधुनिक अंतरराज्यीय बस टर्मिनल (ISBT) विकसित किए जाने की मांग रखी। मुख्यमंत्री ने प्रस्ताव पर सहमति जताते हुए अपर मुख्य सचिव, परिवहन विभाग को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
विधायक धीरेंद्र सिंह ने बताया कि जेवर और आसपास के क्षेत्रों में नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के साथ-साथ तेजी से औद्योगिक और व्यावसायिक गतिविधियां बढ़ रही हैं। बड़ी संख्या में निवेशक क्षेत्र में उद्योग स्थापित कर रहे हैं, जिसके चलते आने वाले समय में सार्वजनिक परिवहन और बेहतर कनेक्टिविटी की आवश्यकता और बढ़ेगी। इसी को ध्यान में रखते हुए विधायक ने विधानसभा सत्र के दौरान लखनऊ प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री के समक्ष जेवर में अंतरराज्यीय बस टर्मिनल स्थापित करने का प्रस्ताव रखा। उन्होंने बताया कि प्रस्तावित बस टर्मिनल को यमुना एक्सप्रेसवे और नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के आसपास विकसित करने की योजना है।
कई राज्यों और प्रमुख शहरों से जुड़ेगा जेवर
आधुनिक ISBT के निर्माण से जेवर को उत्तर प्रदेश के साथ-साथ देश के विभिन्न राज्यों और प्रमुख शहरों से बस परिवहन के माध्यम से जोड़ने में मदद मिलेगी। इससे एयरपोर्ट पर आने-जाने वाले यात्रियों के अलावा स्थानीय निवासियों, कर्मचारियों, उद्यमियों और आसपास के औद्योगिक क्षेत्रों को भी बेहतर सार्वजनिक परिवहन सुविधा मिलने की उम्मीद है।
विधायक ने कहा कि आधुनिक सुविधाओं से लैस बस टर्मिनल के विकसित होने से जेवर की कनेक्टिविटी और आवागमन व्यवस्था को नई मजबूती मिलेगी। इसका सीधा लाभ नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट, यमुना प्राधिकरण क्षेत्र में विकसित हो रहे औद्योगिक सेक्टरों और आसपास के तेजी से विकसित हो रहे क्षेत्रों को मिल सकता है।
मल्टी-मॉडल ट्रांसपोर्ट हब के रूप में विकसित करने की दिशा में कदम
धीरेंद्र सिंह ने कहा कि जेवर को भविष्य में विश्वस्तरीय मल्टी-मॉडल ट्रांसपोर्ट हब के रूप में विकसित करने की दिशा में आधुनिक अंतरराज्यीय बस टर्मिनल महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। एयरपोर्ट, एक्सप्रेसवे और औद्योगिक परियोजनाओं के साथ बेहतर बस कनेक्टिविटी क्षेत्र की परिवहन व्यवस्था को और प्रभावी बनाएगी। विधायक ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य सरकार की सहमति और परिवहन विभाग को दिए गए निर्देशों के बाद इस प्रस्ताव पर आगे की प्रक्रिया तेज होने की उम्मीद है। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में जेवर विधानसभा क्षेत्र के लोगों को आधुनिक सुविधाओं से युक्त अंतरराज्यीय बस अड्डे की सौगात मिल सकेगी।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।