ITS डेंटल कॉलेज में बायोमेडिकल रिसर्च में नैतिकता पर राष्ट्रीय कार्यशाला आयोजित

टेन न्यूज नेटवर्क

Greater Noida News (07/08/2026): चिकित्सा एवं दंत चिकित्सा अनुसंधान में नैतिक मूल्यों और गुणवत्तापूर्ण शोध को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आईटीएस डेंटल कॉलेज, हॉस्पिटल एंड रिसर्च सेंटर, ग्रेटर नोएडा में 6 अगस्त 2026 को “बायोमेडिकल रिसर्च में नैतिकता” विषय पर एक दिवसीय राष्ट्रीय कार्यशाला का आयोजन किया।

कार्यशाला में संस्थागत एथिक्स कमेटी के सदस्य, एमडीएस थीसिस गाइड, संकाय सदस्य तथा शोध गतिविधियों से जुड़े शिक्षकों ने सक्रिय सहभागिता की। कुल 45 प्रतिभागियों ने इस अकादमिक कार्यक्रम में भाग लेकर चिकित्सा अनुसंधान से जुड़े नवीनतम नैतिक मानकों एवं नियामकीय दिशानिर्देशों की जानकारी प्राप्त की।

मुख्य वक्ता मौलाना आजाद मेडिकल कॉलेज एवं संबद्ध अस्पताल, नई दिल्ली के फार्माकोलॉजी विभाग की डायरेक्टर-प्रोफेसर डॉ. शालिनी चावला ने अपने व्याख्यान में बायोमेडिकल रिसर्च में नैतिक सिद्धांतों की अनिवार्यता पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि किसी भी शोध की विश्वसनीयता केवल उसके वैज्ञानिक निष्कर्षों से नहीं, बल्कि शोध प्रक्रिया में अपनाई गई नैतिकता, पारदर्शिता और उत्तरदायित्व से निर्धारित होती है। उन्होंने मानव प्रतिभागियों के अधिकारों की सुरक्षा तथा न्यू ड्रग्स एंड क्लीनिकल ट्रायल्स रूल्स, 2019 के प्रमुख प्रावधानों को सरल एवं व्यावहारिक उदाहरणों के माध्यम से समझाया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक शोधकर्ता का दायित्व है कि वह समाज और प्रतिभागियों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए नैतिक मानकों का पूर्ण रूप से पालन करे।

विशेष वक्ता लेडी हार्डिंग मेडिकल कॉलेज, नई दिल्ली के फार्माकोलॉजी विभाग के डायरेक्टर-प्रोफेसर डॉ. ललित कुमार गुप्ता ने गुड क्लीनिकल प्रैक्टिस (GCP) दिशानिर्देशों, संस्थागत मानक संचालन प्रक्रियाओं (SOPs), अनुसंधान की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के उपायों तथा क्लीनिकल रिसर्च में नियामकीय अनुपालन के विभिन्न पहलुओं पर विस्तृत जानकारी दी।

संस्थान के प्रधानाचार्य डॉ. ओमकार के. शेट्टी ने कहा कि चिकित्सा एवं दंत चिकित्सा अनुसंधान में नैतिकता का पालन गुणवत्तापूर्ण और विश्वसनीय शोध की आधारशिला है। शोधकर्ताओं के लिए वैज्ञानिक उत्कृष्टता के साथ-साथ नैतिक मूल्यों का पालन भी अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की कार्यशालाएं विद्यार्थियों, शोधार्थियों और संकाय सदस्यों को अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप उत्तरदायी एवं नैतिक अनुसंधान के लिए प्रेरित करती हैं। संस्थान शोध उत्कृष्टता, नवाचार और नैतिक अनुसंधान संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए सदैव प्रतिबद्ध है।

आईटीएस – द एजुकेशन ग्रुप के उपाध्यक्ष सोहिल चड्ढा ने कार्यशाला की सराहना करते हुए कहा कि आज के समय में चिकित्सा एवं जैव-चिकित्सीय अनुसंधान में नैतिकता का महत्व पहले से कहीं अधिक बढ़ गया है। उत्कृष्ट शोध केवल वैज्ञानिक ज्ञान से ही नहीं, बल्कि ईमानदारी, पारदर्शिता और नैतिक मूल्यों के पालन से भी संभव होता है। उन्होंने कहा कि संस्थान का उद्देश्य ऐसी शोध संस्कृति का निर्माण करना है, जो समाज, रोगियों और वैज्ञानिक समुदाय के हितों की रक्षा करते हुए नवाचार एवं उत्कृष्टता को बढ़ावा दे।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.

टिप्पणियाँ बंद हैं।