7 साल बाद फिर गुलजार होगा विजय सिंह पथिक स्टेडियम, सिर्फ ₹210 में मिलेगा सालभर का खेल प्रशिक्षण
टेन न्यूज नेटवर्क
Greater Noida News (07/08/2026): करीब सात वर्षों से बंद पड़े शहीद विजय सिंह पथिक स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स को एक बार फिर खिलाड़ियों और आम नागरिकों के लिए खोलने की तैयारी शुरू हो गई है। जिला खेल विकास एवं प्रोत्साहन समिति की बैठक में जिलाधिकारी मेधा रूपम ने स्टेडियम में खेल गतिविधियां दोबारा शुरू कराने के निर्देश दिए। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण द्वारा नियमित संचालन शुरू होने तक इसकी व्यवस्थाएं जिला प्रशासन संभालेगा।
स्टेडियम में फुटबॉल, क्रिकेट, बास्केटबॉल, वॉलीबॉल, स्क्वैश, टेबल टेनिस, स्केटिंग और शतरंज समेत करीब नौ खेलों का प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जाएगा। खिलाड़ियों को प्रशिक्षित करने के लिए योग्य कोच नियुक्त किए जाएंगे। इसके अलावा यहां जिला स्तरीय खेल प्रतियोगिताओं का भी आयोजन होगा, जिससे स्थानीय खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का बेहतर मंच मिलेगा।
प्रशासन ने खिलाड़ियों के लिए नाममात्र का शुल्क निर्धारित किया है। 18 वर्ष तक की आयु के खिलाड़ियों को पूरे वर्ष की सदस्यता के लिए केवल ₹210 देने होंगे। वहीं 18 वर्ष से अधिक आयु के खिलाड़ियों के लिए पहले महीने का शुल्क ₹310 और उसके बाद प्रत्येक माह ₹200 तय किया गया है। कम शुल्क में प्रशिक्षण उपलब्ध होने से आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के प्रतिभाशाली युवाओं को भी खेलों से जुड़ने का अवसर मिलेगा।

प्रशासन स्कूलों के विद्यार्थियों और खेल प्रशिक्षकों को भी स्टेडियम की गतिविधियों से जोड़ने की योजना बना रहा है। इसके लिए स्कूलवार रोस्टर तैयार किया जाएगा। साथ ही समय-समय पर राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बना चुके खिलाड़ियों को आमंत्रित कर युवाओं से संवाद कराया जाएगा, ताकि उन्हें प्रशिक्षण के साथ बेहतर मार्गदर्शन और प्रेरणा भी मिल सके।
जिला पंचायत प्रशासक अमित कुमार ने कहा कि कम शुल्क पर खेल सुविधाएं उपलब्ध कराना जिले के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों के लिए महत्वपूर्ण पहल है। स्टेडियम के दोबारा शुरू होने से ग्रेटर नोएडा और आसपास के क्षेत्रों के खिलाड़ियों को नियमित अभ्यास, उच्च स्तरीय प्रशिक्षण और प्रतियोगिताओं के लिए बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। प्रशासन का उद्देश्य स्थानीय प्रतिभाओं को निखारकर उन्हें प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करना है।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।