इंडिया बायोएनर्जी एंड टेक एक्सपो-2026, VVIP मूवमेंट से पहले DM ने तैयारियों की ली व्यापक समीक्षा
टेन न्यूज नेटवर्क
Greater Noida News (07/08/2026): ग्रेटर नोएडा स्थित इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में 11 से 13 अगस्त तक आयोजित होने वाले इंडिया बायोएनर्जी एंड टेक एक्सपो-2026 की तैयारियां तेज़ी से अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। आयोजन के सफल संचालन और प्रस्तावित वीवीआईपी मूवमेंट को लेकर जिलाधिकारी की अध्यक्षता में इंडिया एक्सपो मार्ट में संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में सुरक्षा, यातायात, पार्किंग, स्वच्छता, चिकित्सा सुविधाएं, बिजली, पेयजल, अग्निशमन तथा कानून-व्यवस्था सहित सभी महत्वपूर्ण व्यवस्थाओं की विस्तार से समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी ने बैठक के दौरान स्पष्ट निर्देश दिए कि आयोजन से जुड़ी सभी तैयारियां निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरी कर ली जाएं और सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें, ताकि कार्यक्रम के दौरान किसी प्रकार की अव्यवस्था उत्पन्न न हो। उन्होंने कहा कि इस अंतरराष्ट्रीय आयोजन में देश-विदेश से बड़ी संख्या में उद्योग विशेषज्ञ, नीति-निर्माता, निवेशक, कारोबारी प्रतिनिधि और अन्य विशिष्ट अतिथि शामिल होंगे। ऐसे में प्रत्येक व्यवस्था उच्च गुणवत्ता, सुरक्षा और सुव्यवस्थित प्रबंधन के अनुरूप होनी चाहिए।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि यातायात संचालन को सुचारु बनाए रखने के लिए प्रभावी ट्रैफिक प्लान तैयार किया जाए। पार्किंग व्यवस्था व्यवस्थित रहे, सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद हो तथा विद्युत आपूर्ति, पेयजल, स्वच्छता, चिकित्सा एवं आपातकालीन सेवाएं हर समय उपलब्ध रहें। साथ ही सभी आगंतुकों और प्रतिनिधियों के स्वागत एवं आतिथ्य में भी किसी प्रकार की कमी न रहे।
बैठक के दौरान तीन दिवसीय कार्यक्रम की रूपरेखा भी प्रस्तुत की गई। जानकारी दी गई कि 11 अगस्त को प्रदर्शनी का उद्घाटन होगा, जिसके साथ बायोएनर्जी क्षेत्र से जुड़े विभिन्न तकनीकी एवं नीतिगत विषयों पर विशेषज्ञ सत्र आयोजित किए जाएंगे। दूसरे दिन 12 अगस्त को सीईओ राउंडटेबल, विभिन्न राज्य सरकारों के विशेष सत्र, निवेश एवं उद्योग सहयोग, ग्रीन हाइड्रोजन, कंप्रेस्ड बायोगैस (सीबीजी), एथेनॉल, बायोडीजल, सस्टेनेबल एविएशन फ्यूल (एसएएफ), वेस्ट-टू-एनर्जी, बायोमास, कार्बन मार्केट, वित्तपोषण तथा अत्याधुनिक तकनीकों पर विस्तृत चर्चा होगी। इस दौरान अंतरराष्ट्रीय प्रदर्शनी में नवीनतम तकनीकों और नवाचारों का प्रदर्शन भी किया जाएगा।
समापन दिवस पर भविष्य की कार्ययोजना, उद्योग और सरकार के बीच सहयोग, निवेश के नए अवसरों तथा बायोएनर्जी क्षेत्र के विकास की संभावनाओं पर विशेष चर्चा होगी। सम्मेलन के निष्कर्ष और सुझाव भी प्रस्तुत किए जाएंगे, जिनके माध्यम से उत्तर प्रदेश सहित पूरे देश में स्वच्छ ऊर्जा और बायोएनर्जी सेक्टर को नई दिशा देने का प्रयास किया जाएगा।

बैठक में बताया गया कि यह तीन दिवसीय अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन एवं प्रदर्शनी इंडियन फेडरेशन ऑफ ग्रीन एनर्जी (आईएफजीई) तथा एमएम एक्टिव साई-टेक कम्युनिकेशंस द्वारा उत्तर प्रदेश नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा विकास अभिकरण (यूपीनेडा) के सहयोग से आयोजित की जा रही है। इस वर्ष आयोजन की थीम “लो कार्बन वर्ल्ड के लिए बायोएनर्जी समाधानों को आगे बढ़ाना” निर्धारित की गई है, जिसका उद्देश्य वैश्विक स्तर पर तकनीकी सहयोग, निवेश और नवाचार को प्रोत्साहित करना है।
आयोजकों के अनुसार एक्सपो के दौरान 25 से अधिक सम्मेलन सत्र आयोजित किए जाएंगे, जिनमें 120 से अधिक राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय विशेषज्ञ अपने विचार साझा करेंगे। इसके अलावा 150 से अधिक प्रदर्शक, 1,000 से अधिक प्रतिनिधि तथा 15,000 से अधिक व्यावसायिक आगंतुकों के शामिल होने की संभावना है। सम्मेलन में सीबीजी, एथेनॉल, बायोडीजल, सस्टेनेबल एविएशन फ्यूल, ग्रीन हाइड्रोजन, वेस्ट-टू-एनर्जी, बायोमास, बायो-मोबिलिटी, कार्बन मार्केट, कार्बन कैप्चर, यूटिलाइजेशन एंड स्टोरेज (सीसीयूएस) सहित बायोएनर्जी क्षेत्र के अनेक महत्वपूर्ण विषयों पर विशेषज्ञों द्वारा विस्तृत मंथन किया जाएगा।
समीक्षा बैठक में यूपीनेडा के निदेशक रविंद्र सिंह, इंडियन फेडरेशन ऑफ ग्रीन एनर्जी (आईएफजीई) के डायरेक्टर जनरल संजय गंजू, एडिशनल पुलिस आयुक्त राजीव नारायण मिश्र सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।