इंस्पेक्टर के बेटे की कार का काटा 30 हजार का चालान, हेड कॉन्स्टेबल लाइन हाजिर
टेन न्यूज़ नेटवर्क
Greater Noida News (25 November 2026): ग्रेटर नोएडा में यातायात नियमों का उल्लंघन करने पर एक इंस्पेक्टर के बेटे की कार का चालान काटने के बाद हुए विवाद में ट्रैफिक पुलिस के हेड कॉन्स्टेबल को लाइन हाजिर कर दिया गया है। मामला सूरजपुर घंटा चौक का है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। पूरे प्रकरण की जांच एडीसीपी ट्रैफिक को सौंपी गई है।
बताया जा रहा है कि 16 नवंबर को सूरजपुर घंटा चौक पर वाहन चेकिंग के दौरान हेड कॉन्स्टेबल नकुल ने यामाहा तिराहे की ओर से आ रही एक क्रेटा कार को रोका। कार की आगे और पीछे की नंबर प्लेट ढकी हुई थीं। चालक को कार से बाहर आने के लिए कहा गया, लेकिन वह बाहर नहीं निकला। इसके बाद हेड कॉन्स्टेबल ने कार का चालान कर दिया।
कार बीएस-4 डीजल श्रेणी की थी, जिसके संचालन पर प्रतिबंध था। बताया जा रहा है कि इससे पहले भी कार का चालान हो चुका था। चालान काटने के दौरान चालक और हेड कॉन्स्टेबल के बीच विवाद हो गया।
आरोप है कि युवक ने अपने पिता और नॉलेज पार्क कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार को फोन कर मौके पर बुला लिया। इंस्पेक्टर के पहुंचने के बाद एसओजी टीम को भी बुलाए जाने की बात सामने आई है। इस दौरान हेड कॉन्स्टेबल के साथ कथित तौर पर अभद्रता की गई।
मामला उच्चाधिकारियों तक पहुंचने के बाद हेड कॉन्स्टेबल और इंस्पेक्टर को डीसीपी ट्रैफिक कार्यालय में पूछताछ के लिए बुलाया गया। सूत्रों के मुताबिक, वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशों की अवहेलना और अभद्रता के आरोप में हेड कॉन्स्टेबल को लाइन हाजिर किया गया है।
वहीं, इंस्पेक्टर विनोद कुमार का कहना है कि उनका बेटा कार लेकर गया था। यातायात नियमों का उल्लंघन करने पर पुलिस ने कार का 30 हजार रुपये का चालान किया है। उन्होंने हेड कॉन्स्टेबल के साथ अभद्रता किए जाने के आरोपों को निराधार बताया है।
अब सवाल उठ रहा है कि हेड कॉन्स्टेबल को लाइन हाजिर करने के पीछे वास्तविक वजह क्या है? फिलहाल मामले की जांच जारी है और जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। टेन न्यूज़ नेटवर्क इस पूरे प्रकरण पर नजर बनाए हुए है। संबंधित अधिकारियों का पक्ष और जांच में सामने आने वाले तथ्यों को भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
टिप्पणियाँ बंद हैं।